बक्शा। बक्शा पुलिस ने पीड़ित रविशंकर की तहरीर पर मंगलवार की शाम को आभूषण व्यवसायी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि धनियामऊ बाजार स्थित दुकान से प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थानाक्षेत्र के ढकवा निवासी रविशंकर ने 18 कैरेट का सोने की एक चेन खरीदी थी। जांच में चेन एक कैरेट से भी कम का निकला। शिकायत करने पर दुकानदार और उसके पिता ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित बक्शा थाना क्षेत्र के बड़ारी गांव में अपने ननिहाल में रहते हैं। 24 नवंबर को उसकी बहन की शादी थी। शादी तय होने पर मां के साथ धनियामऊ बाजार स्थित शनि ज्वेलर्स राजेश आभूषण की दुकान से 18 कैरेट का चेन खरीदा था। 15 अगस्त को वे दोबारा इसी दुकान पर पहुंचे और दो जोड़ी झुमका खरीदा। बाद में आभूषणों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर सभी आभूषणों को जौनपुर शहर की एक दुकान पर जांच कराई तो पता चला कि आभूषणों की शुद्धता 8, 4, 3, 2, 1 कैरेट और एक कैरेट से भी कम है। इसकी शिकायत दुकानदार से की गई। आरोप है कि दुकानदार राजेश और उसके पिता ने गाली देते हुए मारपीट की। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं अन्य लोग भी इस तरह की ठगी का शिकार तो नहीं हुए हैं। संवाद