मल्हनी।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को पेयजल, सफाई, बैठने की व्यवस्था और नियमित कक्षाएं संचालित कराने की मांग के लिए विज्ञान संकाय के गेट पर लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन कर विरोध जताया। विज्ञान संकाय के बीएससी और एमएससी के छात्रों का आरोप है कि संकाय में छात्रों को बैठने के लिए न तो सीट है और न ही पेयजल की सुविधा है। पानी पीने के लिए दूसरे संस्थानों में जाना पड़ता है। नियमित सफाई नहीं होने के गंदगी फैली है। विद्यार्थियों का आरोप है कि नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं होती हैं। समस्याओं से डीन को अवगत कराने पर समाधान के बजाय छात्र नेताओं को रैगिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। धरने की जानकारी होने पर छात्र नेता शोधार्थी उद्देश सिंह, दिव्यांश सिंह, सुमित सिंह समेत कई छात्र संगठन के लोग मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी होने पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। धरना प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता दिव्यांशु सिंह, सिद्धार्थ, पृथ्वीराज, साईं यादव, कृष्णा जायसवाल, सुमित सिंह, आलोक समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।