शोभायात्रा से पहले अलर्ट: हल्द्वानी में 23 अक्तूबर को बदले रहेंगे यातायात रूट, पुलिस का डायवर्जन प्लान जारी
हल्द्वानी में 23 अक्तूबर को राम राज्याभिषेक शोभायात्रा निकलेगी, जिसके चलते दोपहर 1 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
विस्तार
हल्द्वानी शहर में 23 अक्तूबर को राम राज्याभिषेक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान शुक्रवार को हल्द्वानी शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। दोपहर एक बजे से शोभायात्रा संपन्न होने तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान पुलिस ने जारी कर दिया है।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा शुक्रवार दोपहर दो बजे रामलीला मैदान से शुरू होकर तिकोनिया जाएगी। उसके बाद वापसी में बरसाती नहर रोड, केमू स्टेशन, रेलवे बाजार, ताज चौराहा, नया बाजार, मीरा मार्ग, मंगल पड़ाव, सिंधी चौराहा होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचेगी।
यह रहेगी व्यवस्था
रामपुर रोड से आने वाली बसें टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा, तीनपानी फ्लाईओवर और गोला बाईपास होते हुए नरीमन तिराहा, काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन से रोडवेज पहुंचेंगी। वहीं बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी फ्लाईओवर से गोला बाईपास, नारीमन तिराहा, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन होकर निकाली जाएंगी। कालाढूंगी मार्ग पर बसों को लालडांठ तिराहे से पनचक्की तिराहा और हाइडिल होते हुए भेजा जाएगा।
छोटे वाहनों का डायवर्जन
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड और नारीमन तिराहा, काठगोदाम होते हुए जाएंगे। शोभायात्रा के ओके होटल से एसडीएम कोर्ट और सिंधी चौराहे से ओके होटल के बीच रहने पर शहर की ओर जाने वाले शेष वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से एफटीआई, आईटीआई, कैंसर अस्पताल और मुखानी चौराहे होते हुए जाएंगे।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नरीमन तिराहा होते हुए जाएंगे। वहीं कालाढूंगी रोड से जाने वाले वाहन लालडांठ तिराहे से पनचक्की चौराहा, हाइडिल तिराहा और नरीमन तिराहा होते हुए निकाले जाएंगे। शहर को आने वाले वाहनों को शोभायात्रा के निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में रहने पर मुखानी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र से बरेली और रामपुर रोड आने वाले वाहन नरीमन तिराहा, काठगोदाम से गोलापार रोड होते हुए जाएंगे। वहीं नैनीताल रोड से शहर में आने वाले वाहन शोभायात्रा के ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे के बीच रहने पर महारानी होटल तिराहे से डायवर्ट होकर कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी होते हुए निकाले जाएंगे।
शोभायात्रा के दौरान यहां रहेगी पाबंदी
शोभायात्रा एसडीएम कोर्ट तिराहे से भारद्वाज तिराहा, ताज चौराहा और सिंधी चौराहे के बीच रहेगी, तब तिकोनिया चौराहे से वर्कशॉप लाइन होते हुए ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। गौलापुल से ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ओके होटल तिराहे से पटेल चौक की ओर वाहन भी नहीं भेजे जाएंगे।