{"_id":"6ad9a13ce29308efa407558e","slug":"forest-department-team-attacked-with-sharp-weapons-during-raid-in-bazpur-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"लकड़ी तस्करों की बेखौफी: छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम पर धारदार हथियारों से हमला, दरोगा जख्मी; आरोपी फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लकड़ी तस्करों की बेखौफी: छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम पर धारदार हथियारों से हमला, दरोगा जख्मी; आरोपी फरार
Thu, 22 Oct 2026 11:08 AM IST
Heera
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
Published by: Heera
Updated Thu, 22 Oct 2026 11:08 AM IST
सार
बाजपुर के पहाड़ी कॉलोनी में एक गोदाम पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा, तो लकड़ी तस्करों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में रुद्रपुर रेंज के वन दरोगा सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बाजपुर नगर के मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में बुधवार देर रात वन विभाग की कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मच गई। रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक गोदाम पर छापा मारा तो लकड़ी तस्करों ने टीम पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में रुद्रपुर रेंज के वन दरोगा सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन
रुद्रपुर रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट को सूचना मिली थी कि पहाड़ी कॉलोनी स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से सागौन और खैर की लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे रुद्रपुर और बाजपुर की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा। वन विभाग की गाड़ियां देखकर गोदाम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान गोदाम संचालक और उसके साथियों ने वन कर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह के हाथ और सिर में चोटें आईं। टीम के अन्य सदस्यों ने किसी तरह उन्हें बचाया।
विज्ञापन
पुलिस मौके पर पहुंची, लकड़ी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने गोदाम से भारी मात्रा में सागौन और खैर की कीमती लकड़ी बरामद की है, जिसकी बाजार में लाखों रुपये कीमत बताई जा रही है। बरामद लकड़ी को विभाग ने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय भिजवा दिया है। घायल वन दरोगा का बाजपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बताया कि गोदाम लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रहा था। आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस को तहरीर देकर वन अधिनियम सहित सरकारी कार्य में बाधा और हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराया जाएगा।
विज्ञापन