ऋषिकेश: लापता रिजॉर्ट संचालक का शव गंगा में मिला, दो लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
बीते 27 अक्तूबर को रिजॉर्ट संचालक की पत्नी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने दो लोगों पर उनके पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
विस्तार
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए रिजॉर्ट संचालक नीरज गुप्ता का शव उनके रिजाॅर्ट से करीब एक किमी आगे गंगा में मिला। नीरज 27 अक्तूबर से लापता चल रहे थे। उनकी घड़ी व चप्पलें गंगा किनारे मिले थे। उनकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी भी दर्ज की थी।
बीते 27 अक्तूबर को विनीता गुप्ता पत्नी नीरज गुप्ता, निवासी एटीएस ग्रीन पैराडिसो, ग्रेटर नोएडा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जमीन की खरीद-फरोख्त और धनराशि को लेकर हुए विवाद के चलते रवि बजाज और गगन बत्रा द्वारा उनके पति को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। नीरज गुप्ता की चप्पल व घड़ी गंगा किनारे मिली थी। कुछ लोगों ने उन्हें गंगा किनारे भी देखा था।
पांच पेज का पत्र भी छोड़ा
बताया जा रहा है कि नीरज गुप्ता ने पांच पेज का पत्र भी छोड़ा था। एसडीआरएफ गंगा में सर्च अभियान चला रही थी। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मंलवार को नीरज गुप्ता का शव रिजाॅर्ट से कुछ दूरी पर गंगा से बरामद हुआ है। वहीं कोतवाली लक्ष्मणझूला के प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।