काशीपुर: साइबर ठगों ने दो महिलाओं के खातों से निकाले करीब 7.67 लाख रुपये, प्राथमिकी दर्ज
काशीपुर में साइबर ठगों ने दो महिलाओं के बैंक खातों से करीब 7.67 लाख रुपये निकाल लिए, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
विस्तार
काशीपुर में साइबर ठगों ने दो महिलाओं के बैंक खातों से लगभग 7 लाख 67 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंडेश्वरी निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि बीती 16 अक्टूबर को वह अपने मोबाइल फोन पर यू-ट्यूब चला रही थीं। इसी दौरान यू-ट्यूब पर अपडेट का संदेश आया। इसके बाद उनके मोबाइल पर यूपीआई ट्रांजेक्शन के संदेश आने लगे। अलग-अलग समय पर उनके बैंक खाते से कुल 1 लाख 37 हजार रुपये कट गए। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करके धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
वहीं, चामुंडा विहार निवासी एक अन्य महिला ने पुलिस में शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने रकम निकाल ली। महिला के मुताबिक उनके बैंक खाते से 4 लाख 95 हजार रुपये और 1 लाख 35 हजार रुपये निकाले गए, कुल राशि 6 लाख 30 हजार रुपये निकाले गए हैं। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर साइबर ठगी की जांच शुरू कर दी है।