ऊधमसिंह नगर: तंत्र-मंत्र के नाम पर वन्यजीवों के अंगों का कारोबार, जंगली सुअर का दांत बरामद; एक गिरफ्तार
जसपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने वन्यजीव अंगों की तस्करी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सुअर का एक दांत, पांच मोती शंख और एक मोबाइल बरामद हुआ।
विस्तार
जसपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सुअर का एक दांत, पांच मोती शंख और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान कर उसे संरक्षित वन्यजीवों से संबंधित बताया है। आरोपी तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और धन प्राप्ति का लालच देकर ऊंची कीमतों पर इनकी बिक्री करता था।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि रविवार को संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजपूत सभा भवन के गेट के पास एक व्यक्ति वन्यजीवों के अंग बेच रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान आकाश दीक्षित निवासी मोहल्ला कटरा, थाना सहसवान, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी वार्ड चार, राजपूत सभा भवन, जसपुर के रूप में हुई। पुलिस ने जसपुर दक्षिणी रेंज के रेंजर अनुस्वार टम्टा को मौके पर बुलाया। वन विभाग ने बरामद सामग्री की पहचान की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
500 रुपये में खरीदकर पांच हजार में बेचता था
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरिद्वार निवासी अमन से हत्था जोड़ी के एक जोड़े को 400 से 500 रुपये में खरीदता था। इसके बाद धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ में लाभ होने का दावा कर इसे 4000 से 5000 रुपये में बेचता था। आरोपी अपनी सोशल मीडिय आईडी के माध्यम से भी ऑनलाइन बिक्री करता था।