फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima

उत्तराखंड आदि रंगोत्सव की धूम: खटीमा एकलव्य विद्यालय को 10 करोड़ की सौगात, हॉस्टल का काम जल्द होगा शुरू

Mon, 05 Oct 2026 10:52 AM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर Published by: Heera Updated Mon, 05 Oct 2026 10:52 AM IST
सार

खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव से पहले रविवार को सीएम के नेतृत्व में रोड शो निकाला गया। मुख्य चौराहे से नवीन सब्जी मंडी तक चले इस रोड शो में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, जुएल ओराम, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा समेत कई भाजपा नेता शामिल हुए। 

विज्ञापन
Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima
हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों को सम्मानित करते सीएम धामी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के शुभारंभ से पहले रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खटीमा में भव्य रोड शो निकाला गया। मुख्य चौराहे से शुरू हुआ रोड शो नवीन सब्जी मंडी तक पहुंचा। इसमें केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, जुएल ओरम, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा समेत भाजपा के कई नेताओं ने हिस्सा लिया।

विज्ञापन

पीलीभीत मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य प्रस्तुत कर रोड शो का स्वागत किया। जगह-जगह आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री ने उमड़े जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में प्रस्तुति देते जनजातीय कलाकार। - फोटो : अमर उजाला

जनजातीय गौरव का प्रतीक है उत्तराखंड आदि रंगोत्सव : धामी
खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने उत्तराखंड आदि महोत्सव को हमारी संस्कृति और जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक पर्व बताया। सीएम ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और जुएल ओराम से पिथौरागढ़ में आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। साथ ही खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा पर केंद्र सरकार का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने के साथ निर्माण लागत बढ़ाई गई है। ऊधमसिंह नगर में इसके तहत तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास बनाया जा रहा है। 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आश्रम पद्धति विद्यालय का निर्माण और बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण भी कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए जनजातीय समाज को रोजगार और प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2020 से 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहती बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी लगातार निगरानी रखती है।
 

विज्ञापन

Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में प्रस्तुति देते जनजातीय कलाकार। - फोटो : अमर उजाला

रिजिजू ने की जनजातीय विविधता, समृद्ध संस्कृति की सराहना
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्य की जनजातीय विविधता और समृद्ध संस्कृति की तारीफ की। जनसभा में उन्होंने कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातियों की संस्कृति और परंपराएं राज्य को विशिष्ट पहचान देती हैं।

रिजिजू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं और भूस्खलन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धामी ने कुशलता से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जनजातीय समाज के कल्याण और पहचान को नई दिशा मिली है। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत और पीएम-जनमन जैसी योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों में विकास पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

खटीमा। उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्य की जनजातीय विविधता,समृद्ध संस्कृति और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की तारीफ की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में थारू, बोक्सा,जौनसारी और राजी जैसी विभिन्न जनजातियां निवास करती हैं, जिनकी संस्कृति और परंपराएं इस राज्य को विशिष्ट बनाती हैं।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं सुरंग दुर्घटनाओं, भूस्खलन और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद धामी जी ने हर चुनौती का कुशलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा जनसेवक सदियों में मिलता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए केंद्रीय रिजिजू ने कहा कि 2014 के बाद देश में आदिवासियों के कल्याण और उनकी पहचान को नया आयाम मिला है। स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की गई है। इसके साथ ही पीएम-जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत,पहचान और परंपराओं को सहेजने का आह्वान किया। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

विज्ञापन

Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में मौजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला

खटीमा के एकलव्य विद्यालय पर खर्च होंगे 10 करोड़, हॉस्टल का काम जल्द
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से खटीमा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल स्थापित हुआ है। इसके विस्तार और सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करेगी। चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और निर्माण दो-तीन दिन में शुरू होने की बात कही।
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में उन्होंने बताया कि विद्यालय में 240 छात्र और 240 छात्राओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों को शिक्षा मिलेगी। खटीमा के एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए उन्होंने बाजपुर, चकराता और कालसी के विद्यालयों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय मामलों के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया था ताकि थारू, बोक्सा और जौनसारी समेत जनजातीय समाज के लिए लक्षित योजनाएं संचालित की जा सकें। ओरम ने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत 24 हजार करोड़, धरती आबा अभियान के लिए 89 हजार करोड़ और एकलव्य विद्यालयों के लिए 25 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया।

 

Uttarakhand Adi Ranyotsav Celebration in khatima
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में प्रस्तुति देते जनजातीय कलाकार। - फोटो : अमर उजाला

खटीमा में बिखरे जनजातीय संस्कृति के रंग
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में देशभर की जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कलाकारों के साथ थिरके और ढोल बजाया। पीलीभीत मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोग पहुंचे। जनजातीय उत्पादों के स्टॉल पर भी भीड़ रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा।

हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकारों को मंच पर शुभकामनाएं दीं और पौधा, हनुमान जी की गदा व नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम को भी पौधा व महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की तिला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि से थारू समाज के साथ पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ा है।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, खजान दास, राम सिंह केड़ा, भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री गीता राम गौड़, मोहिनी पोखरिया, रणजीत नामधारी, विनय रुहेला, गंभीर धामी, फरजाना बेगम, किशन सिंह किन्ना, उत्तम दत्ता, लीलावती राणा, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेशचंद्र जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed