शहर के गंज क्षेत्र स्थित कुचीपला भैरव धाम मंदिर को कथित रूप से तोड़ने और वहां रह रहे लोगों को जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और हिंदू समाज के लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी शंकरलाल ने बताया कि जिस संपत्ति पर भैरव धाम मंदिर स्थित है, वह किन्नर समाज की बताई जाती है और वहां करीब 100 वर्षों से कई परिवार किराएदार के रूप में रह रहे हैं। उनका आरोप है कि गोविंद दायमा कुछ असामाजिक तत्व के साथ लंबे समय से इस संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा कर रहा है। शंकरलाल के अनुसार पूर्व में नोहरे के अंदर स्थित प्राचीन मस्जिद एवं मजारें भी तोड़ी गईं, रातों-रात मस्जिद में मजार को हटाया गया। आरोपियों ने हाल ही में मंदिर को तोड़ने की धमकी दी। साथ ही कहा कि सभी लोगों को वहां से मकान खाली करना होगा, अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस कथित धमकी के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़ें: Transfer News: तबादलों की डेडलाइन 10 जुलाई, लेकिन सूचियां गायब; कर्मचारियों में बढ़ी बेचैनी, आज क्या होगा?
मामले को गंभीर मानते हुए पीड़ित पक्ष ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने या ऐसी धमकियां देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।