फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Controversial demand Netanyahu cabinet Minister Itamar Ben Gvir said Kill 30 to 40 people in Gaza every night

गाजा में कत्लेआम की खुली वकालत: नेतन्याहू के मंत्री की विवादित मांग; बोले- ‘हर रात 30-40 फलस्तीनियों को मारो’

Mon, 17 Aug 2026 12:18 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: प्रशांत तिवारी Updated Mon, 17 Aug 2026 12:18 PM IST
सार

इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने गाजा में हर रात 30 से 40 लोगों को मारने की वकालत कर विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने गाजा से फलस्तीनियों के बड़े पैमाने पर पलायन और वहां दोबारा इस्राइली बस्तियां बसाने का भी समर्थन किया है। उनके बयानों के बीच गाजा में जारी सैन्य कार्रवाई, युद्धविराम की कोशिशों और नेतन्याहू सरकार की नीतियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है। 
 

विज्ञापन
Controversial demand Netanyahu cabinet Minister Itamar Ben Gvir said Kill 30 to 40 people in Gaza every night
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन में शामिल कट्टरपंथी इस्राइली सांसद ने सार्वजनिक रूप से गाजा में हर रात '30 से 40' लोगों को मारने की वकालत की है। रविवार को सामने आए उनके इन बयानों को फलस्तीनी मीडिया ने साझा किया है। बेन-ग्विर ने यह बयान गाजा में बंधक रहे रोम ब्रास्लाव्स्की के साथ एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान दिया। दोनों 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के बाद इस्राइल की स्थिति पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान बेन-ग्विर ने गाजा में हाल के दिनों में हमलों को कम करने के इस्राइल के फैसले की आलोचना की। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार  के इस बयान ने गाजा में जारी युद्ध और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है।

विज्ञापन


बेन-ग्विर बोले- हर रात 30 से 40 लोगों को खत्म किया जाए
बेन-ग्विर ने पॉडकास्ट बातचीत के दौरान कहा, 'यह कोई छिपी हुई बात नहीं है कि मैं प्रधानमंत्री से सहमत नहीं हूं। मेरा मानना है कि गाजा में  टार्गेट किलिंग की जानी चाहिए, जिसमें हर रात 30 से 40 लोगों को खत्म किया जाए। सिर्फ वे लोग ही नहीं, जिनसे तत्काल खतरा है, बल्कि वहां ऐसे लोग भी हैं जो जीने के लायक नहीं हैं। उन्हें जीवित नहीं रहना चाहिए। वे इंसान कहलाने के लायक भी नहीं हैं।"
विज्ञापन


पहले भी विवादों में रहे हैं बेन-ग्विर के बयान
यह कोई पहली बार नहीं है जब बेन-ग्विर ने ऐसा बयान दिया है। इससे पहले भी वह और इस्राइल के दूसरे अधिकारियों ने ऐसे बयान दिए हैं और उनके बयानों की कड़ी आलोचना हो चुकी है। उनके कई बयानों को संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय अदालत में नरसंहार की मंशा के सबूत के तौर पर पेश किया गया है। हालांकि, इस्राइल इस आरोप से इनकार करता रहा है कि उसने गाजा में नरसंहार किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


7 अक्टूबर के हमले के बाद बढ़ी बेन-ग्विर की लोकप्रियता
2023 में हमास के हमले के बाद बेन-ग्विर जैसे नेताओं की इस्राइली समाज के एक हिस्से में लोकप्रियता बढ़ी है। उस हमले में चरमपंथियों ने करीब 1,200 लोगों की हत्या कर दी थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया था। कई बंधकों ने लंबे समय तक भूखे रहने, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना तथा कुछ मामलों में यौन शोषण की बात बताई है।

सेना पर सीधे अधिकार नहीं, फिर भी प्रभावशाली
बेन-ग्विर के पास इस्राइली सेना पर कोई प्रत्यक्ष अधिकार नहीं है और वह गाजा में सैन्य हमलों का आदेश नहीं दे सकते। हालांकि, दशकों तक इस्राइल की अति-दक्षिणपंथी विचारधारा वाले गुटों के साथ काम करने के बाद वह अब देश के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं।

जेलों और पुलिस पर बेन-ग्विर का नियंत्रण
इस्राइल की सुरक्षा व्यवस्था के अहम हिस्सों पर बेन-ग्विर का खासा प्रभाव है। वह देश की जेलों और राष्ट्रीय पुलिस बल की जिम्मेदारी संभालते हैं। इन जेलों में गाजा और वेस्ट बैंक के हजारों फलस्तीनी कैदी बंद हैं। बेन-ग्विर पहले भी फलस्तीनी कैदियों के भोजन में कटौती की वकालत कर चुके हैं। इस्राइल की सर्वोच्च अदालत ने 2025 में फैसला दिया था कि बेन-ग्विर के नेतृत्व में जेल प्रशासन फलस्तीनी कैदियों को जिंदा रहने के लिए जरूरी भोजन भी उपलब्ध नहीं करा रहा था।

युद्धविराम के बाद भी गाजा में जारी रहे हमले
हाल तक इस्राइल लगभग हर दिन गाजा पर हमले कर रहा था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर में लागू हुए युद्धविराम समझौते के बाद से इन हमलों में 1,250 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इस्राइली सेना का कहना है कि उसके हमलों में हमास के लड़ाकों को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद इस्राइल ने हमलों में कुछ नरमी बरती। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ, जब नेतन्याहू ने युद्धविराम को आगे बढ़ाने की ट्रंप की हालिया कोशिश को ठुकरा दिया था।

हमलों का अधिकार सीमित होने से दक्षिणपंथी नाराज
इस्राइली मीडिया ने पिछले सप्ताह रिपोर्ट दी थी कि गाजा में हमले करने का अधिकार अब सेना के चीफ ऑफ स्टाफ तक सीमित कर दिया गया है। इस फैसले से बेन-ग्विर जैसे दक्षिणपंथी सांसदों में नाराजगी है।

बेन-ग्विर ने गाजा से फलस्तीनियों को हटाने की भी वकालत की
उसी रिकॉर्ड किए गए इंटरव्यू में बेन-ग्विर ने गाजा से फलस्तीनियों के बड़े पैमाने पर पलायन की वकालत की। अंतरराष्ट्रीय कानून के जानकार ऐसे प्रस्ताव को 'एथनिक क्लींजिंग' यानी नस्लीय सफाए के तौर पर देख सकते हैं। उन्होंने गाजा में इस्राइली बस्तियां दोबारा बसाने की भी बात कही।

'पूरे गाजा को अपना मानता हूं'
बीस साल पहले इस्राइल गाजा पट्टी से हट गया था। उस दौरान उसने 'गुश कातिफ' नाम की 21 यहूदी बस्तियों को खाली कराया और अपनी सेना को वहां से वापस बुला लिया था। बेन-ग्विर ने इंटरव्यू में कहा, 'मैं पूरे गाजा को अपना मानता हूं। सिर्फ गुश कातिफ में ही नहीं, बल्कि पूरे गाजा में बस्तियां बसाना, ज्यादा से ज्यादा लोगों को वहां से जाने के लिए प्रोत्साहित करना, उन्हें उनके देशों में भेजना और आतंकवादियों के लिए कोई पलायन नहीं, कुछ नहीं, बस उन्हें एक-एक करके मार डालना।' 

ट्रंप की योजना में हमास से हथियार छोड़ने की शर्त
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया प्रस्ताव में हमास के धीरे-धीरे हथियार छोड़ने और इस्राइली सेना के हमले रोककर गाजा से पीछे हटने की योजना शामिल है। हमास ने इस समझौते को स्वीकार कर लिया है, हालांकि उसने अपने सबसे भारी हथियार सौंपने की शर्त को फलस्तीनी राज्य के गठन से जोड़ दिया है। इस मांग को इस्राइल की मौजूदा सरकार और ज्यादातर इस्राइली राजनेता पूरी तरह खारिज करते हैं।


ये भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन जंग में लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री बनी निशाना: प्लांट पर मिसाइलों की बौछार; दो की मौत, उत्पादन ठप

नेतन्याहू का रुख बना हुआ है सख्त
नेतन्याहू का कहना है कि जब तक हमास के हथियार पूरी तरह जब्त नहीं कर लिए जाते, तब तक इस्राइल गाजा में अपनी किसी भी स्थिति से पीछे नहीं हटेगा। इस रुख के कारण प्रस्तावित युद्धविराम के दूसरे पहलू भी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय सेना की तैनाती और युद्ध से तबाह गाजा के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दे शामिल हैं, जो फिलहाल ठंडे बस्ते में पड़े हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed