Brazil: ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो की तबीयत बिगड़ी, जेल से ले जाया गया अस्पताल; ICU में इलाज जारी
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को निमोनिया होने के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें राजधानी ब्रसीलिया के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार 70 वर्षीय बोल्सोनारो को तेज बुखार, ठंड लगना, पसीना आना और ऑक्सीजन स्तर कम होने जैसी समस्याएं थीं। जांच में ब्रोंकोनिमोनिया की पुष्टि हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बोल्सोनारो को निमोनिया हो गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राजधानी ब्रासीलिया के एक अस्पताल ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार 70 वर्षीय बोल्सोनारो को तेज बुखार, पसीना, ठंड लगना और ऑक्सीजन का स्तर कम होने जैसी समस्याएं हो रही थीं। जांच में पता चला कि उन्हें ब्रोंकोनिमोनिया है, जो निमोनिया का एक प्रकार होता है और आमतौर पर बैक्टीरिया के कारण होता है।
बोल्सोनारो के स्वास्थ्य को लेकर उनके डॉक्टर ब्रासील कायाडो ने पत्रकारों से कहा कि 70 साल से अधिक उम्र के लोगों में निमोनिया हमेशा गंभीर माना जाता है। उन्होंने बताया कि अगर बैक्टीरिया खून में पहुंच जाए तो यह सेप्टीसीमिया (खून में संक्रमण) में बदल सकता है, जिससे स्थिति और खतरनाक हो सकती है।
जेल से अस्पताल ले जाया गया
इससे पहले उनके बड़े बेटे फ्लेवियो बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उनके पिता को जेल से अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह बोल्सोनारो को ठंड लग रही थी और उल्टी भी हो रही थी। फ्लावियो ने लोगों से अपील करते हुए लिखा कि उनके पिता के लिए प्रार्थना करें ताकि बीमारी ज्यादा गंभीर न हो।
ये भी पढ़ें:- Iran: 'पहले रोका और अब पूरी दुनिया से रूस से तेल खरीदने की भीख मांग रहा अमेरिका', ईरानी विदेश मंत्री का तंज
बोल्सोनारो क्यों हैं जेल में?
दरअसल, जेयर बोल्सोनारो इस समय 27 साल की सजा काट रहे हैं। पिछले साल ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट के जजों के एक पैनल ने उन्हें 2022 के चुनाव के बाद सत्ता पलटने की साजिश में दोषी ठहराया था। उन पर आरोप है कि चुनाव हारने के बाद उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को गिराने की कोशिश की। इस मामले की सुनवाई सर्वोच्च संघीय न्यायालय में हुई थी।
घर में सजा काटने की मांग
बोल्सोनारो के परिवार वाले लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें जेल की बजाय घर में रहकर सजा काटने की अनुमति दी जाए। परिवार का कहना है कि जेल में उन्हें पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इन मांगों को खारिज कर दिया है। उनके बेटे ने भी सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि सिस्टम उनके पिता को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि अदालत ने इन आरोपों को गलत बताया है।
ये भी पढ़ें:- US: वॉशिंगटन के चार बड़े एयरपोर्ट पर एक घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रही हवाई सेवा, केमिकल जैसी गंध बना कारण
पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती
गौरतलब है कि बोल्सोनारो पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। 2018 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में उन पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद से उन्हें कई बार सर्जरी और इलाज कराना पड़ा। इस साल जनवरी में भी उन्हें बिस्तर से गिरने के बाद दिमाग की जांच के लिए इसी अस्पताल में लाया गया था।
इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी ध्यान मिला था। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील पर टैरिफ लगाने का फैसला किया था और कहा था कि बोल्सोनारो के खिलाफ चल रही न्यायिक कार्रवाई विच हंट यानी राजनीतिक बदले की कार्रवाई जैसी है। हालांकि बाद में इन टैरिफ में से कई हटा दिए गए।
अन्य वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

कमेंट
कमेंट X