सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   g7 summit leaders off mic moments meloni quits smoking macron watch football ufc talks

G7: सिगरेट से लेकर फुटबॉल पर बात, जेलेंस्की के किस से असहज हुईं मेलोनी; G7 नेताओं की हंसी-मजाक हो रही वायरल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 17 Jun 2026 08:21 AM IST
विज्ञापन
सार

जी7 शिखर सम्मेलन में नेताओं के बीच गंभीर मुद्दों पर चर्चा के अलावा कुछ ऐसे हल्के-फुल्के पल भी आए, जब नेता हंसी मजाक करते नजर आए। ऐसे ही कुछ पल ऑफ माइक कैद हो गए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। 

g7 summit leaders off mic moments meloni quits smoking macron watch football ufc talks
जी7 सम्मेलन की तस्वीर - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार

फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान जहां एक ओर वैश्विक अर्थव्यवस्था,संघर्षों और दुनिया के जटिल मुद्दों पर औपचारिक चर्चाएं हुईं, वहीं दूसरी ओर माइक्रोफोन पर विश्व नेताओं की कुछ ऐसी अनौपचारिक बातचीत भी कैद हुई, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। सिगरेट छोड़ने से लेकर फुटबॉल, इंस्टाग्राम और हल्के-फुल्के मजाक तक, नेताओं के कई दिलचस्प पल सामने आए।


सिगरेट छोड़ने पर मेलोनी को मिली बधाई
बैठक की तैयारी के दौरान ऐसा ही एक पल तब आया, जब जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से सहज अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी थी। इस पर मेलोनी के जवाब ने कई नेताओं को चौंका दिया। मेलोनी ने कहा कि उन्होंने 1 मई से सिगरेट नहीं पी है। यह सुनते ही बैठक में मौजूद नेताओं ने उनकी तारीफ की। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने उन्हें सिगरेट छोड़ने के लिए बधाई भी दी। इस दौरान मेलोनी ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों हाथ ऊपर उठा दिए। वहीं कार्नी ने मजाकिया अंदाज में पूछा, 'क्या आपने निकोटिन पैच लगाया है?' जिस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन


जी7 सम्मेलन में भी छाया फुटबॉल का जादू
भू-राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित इस शिखर सम्मेलन में फुटबॉल की भी चर्चा हुई। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित फीफा विश्व कप के बीच नेताओं की अनौपचारिक बातचीत में खेल का जिक्र बार-बार सुनाई दिया। एक नेता ने पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) की हालिया चैंपियंस लीग जीत की तारीफ की। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी विश्व चैंपियन स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 से ड्रॉ मैच को खास बताया।
विज्ञापन

g7 summit leaders off mic moments meloni quits smoking macron watch football ufc talks
जी7 सम्मेलन - फोटो : पीटीआई
ट्रंप ने UFC पर की बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में यूएफसी का आयोजन कराया। इसके लिए ट्रंप ने यूएफसी के अध्यक्ष डाना व्हाइट की जमकर तारीफ की। शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच हुई एक संक्षिप्त बातचीत ने खासा ध्यान खींचा। दरअसल इसमें ट्रंप ने ग्रीनलैंड का जिक्र किया। हालांकि क्या बात हुई, यह स्पष्ट रूप से समझ नहीं आई, लेकिन ट्रंप का ग्रीनलैंड पर बात करना चर्चा का विषय बन गया है। ट्रंप की यह टिप्पणी इसलिए चर्चा में आ गई क्योंकि वह लंबे समय से डेनमार्क के स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड को अमेरिका में शामिल करने की इच्छा जाहिर करते रहे हैं।

मैक्रों की घड़ी भूलने पर ट्रंप ने ली चुटकी
दोपहर के भोजन से पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने देखा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी छोड़ गए हैं। इस पर कार्नी ने मजाक करते हुए कहा, 'मैक्रों अपनी घड़ी यहां छोड़ गए हैं, अब हमारे पास उनकी घड़ी है।' इस पर ट्रंप ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'अगर उन्होंने छोड़ दी है तो मुझे दे दो।' उनकी इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

जेलेंस्की के किस से असहज हुईं मेलोनी
जी7 सम्मेलन के दौरान जब नेता आपस में मिल रहे थे, तो उस दौरान एक ऐसा पल आया, जब इटली की पीएम यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलते हुए असहज हो गईं। दरअसल जेलेंस्की यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेयेर से बात कर रहे थे, उसी दौरान मेलोनी जेलेंस्की से मिलने पहुंची। इस पर जेलेंस्की ने मेलोनी को किस करने की कोशिश की। हालांकि इससे मेलोनी असहज हो गईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

g7 summit leaders off mic moments meloni quits smoking macron watch football ufc talks
जी7 सम्मेलन - फोटो : पीटीआई
ट्रंप को मिला साइकिल का तोहफा
शिखर सम्मेलन में कूटनीतिक उपहारों का भी आदान-प्रदान हुआ। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने अगले वर्ष फ्रेंच आल्प्स में आयोजित होने वाली साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्रचार के लिए जी7 नेताओं को व्यक्तिगत रूप से साइकिल भेंट की। वहीं जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रंप को जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की। ट्रंप ने मुस्कुराते हुए जर्सी कैमरों के सामने दिखाई और फोटो खिंचवाई। बाद में मर्ज ने इस पल की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, 'आखिरकार हम एक ही टीम में हैं।'

'मेलोडी' की फिर गूंजी चर्चा
एक और दिलचस्प क्षण तब सामने आया जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पारंपरिक समूह फोटो से पहले आमने-सामने आए। दोनों नेताओं की दोस्ताना बातचीत पहले भी सोशल मीडिया पर 'मेलोडी' नाम से वायरल हो चुकी है। मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'आपसे फिर मिलकर खुशी हुई।' मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोशल मीडिया पर अपनी लोकप्रियता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम का उल्लेख किया। इस पर मेलोनी ने तुरंत जवाब दिया, 'हां, इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय तो हम ही हैं।' उनकी इस टिप्पणी पर आसपास मौजूद लोग हंस पड़े।

गौरतलब है कि जी7 समूह में फ्रांस, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान और ब्रिटेन शामिल हैं। यूरोपीय संघ भी इसमें सहभागी सदस्य के रूप में शामिल होता है। इस साल भारत, ब्राजील, केन्या, दक्षिण कोरिया, यूक्रेन समेत कई साझेदार देशों को भी फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed