US: टेक्सास में ईरान के समर्थन में प्रदर्शन पर गोलीबारी, भारतीय मूल की छात्रा समेत चार की मौत; हमलावर ढेर
टेक्सास के ऑस्टिन में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में भारतीय मूल की 21 वर्षीय छात्रा सविता शान समेत चार लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया, जबकि एफबीआई संभावित आतंकी संबंधों की जांच कर रही है।
विस्तार
अमेरिका के टेक्सास राज्य की राजधानी ऑस्टिन में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में भारतीय मूल की 21 वर्षीय छात्रा सविता शान समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 14 अन्य घायल हो गए। अमेरिकी अधिकारियों ने मृतकों में शान की पहचान की पुष्टि की है।
कैसे हुई घटना?
पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय हमलावर नडियागा डियाग्ने, जो सेनेगल मूल का अप्रवासी था, ने शहर के एक बीयर गार्डन के बाहर अपनी कार खड़ी की और आंगन में बैठे लोगों पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वह कार से बाहर निकला और राहगीरों पर राइफल से गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मौके पर ही मार गिराया।
अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने ईरानी झंडे वाली टी-शर्ट और अल्लाह की संपत्ति लिखी शर्ट पहन रखी थी। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के कार्यवाहक विशेष एजेंट एलेक्स डोरान ने कहा कि डियाग्ने के आतंकवाद से संभावित संबंध के संकेत मिले हैं और इस पहलू की जांच जारी है।
सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट पर
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि आतंकवाद-रोधी और खुफिया टीमों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। अमेरिका और इस्राइल द्वारा शनिवार को ईरान पर बमबारी शुरू किए जाने के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने छात्रा के बारे में क्या बताया?
टेक्सास विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जिम डेविस ने कैंपस समुदाय को भेजे ईमेल में शान की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि वह दुनिया को बदलने की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने उन्हें प्यार करने वाले माता-पिता की बेटी और कई लोगों की वफादार दोस्त बताया।
विश्वविद्यालय के रेडियो स्टेशन के मुताबिक, शान ऑस्टिन में पली-बढ़ी थीं और अर्थशास्त्र व प्रबंधन सूचना प्रणाली में दोहरी स्नातक डिग्री हासिल कर रही थीं। वह इस वर्ष स्नातक होने वाली थीं। अपने लिंक्डइन प्रोफाइल पर शान ने बताया था कि वह ऑस्टिन तमिल संगम में स्वयंसेवक थीं और उन्होंने सनफ्लेक स्टिकर्स नाम से एक ई-कॉमर्स व्यवसाय शुरू किया था। उन्होंने प्राइस वॉटरहाउस कूपर्स और स्टेपल्स में इंटर्नशिप भी की थी।
ऑस्टिन पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें संभावित आतंकी कड़ी और हमलावर की पृष्ठभूमि की पड़ताल शामिल है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.