CIA विवाद: मेक्सिको का बड़ा दावा, राष्ट्रपति बोलीं- अमेरिका ने हमारे कानून का सम्मान करने का दिया आश्वासन
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा कि अमेरिका ने आश्वासन दिया है कि वह मेक्सिको के कानून और संविधान का पालन करेगा। यह मामला तब सामने आया जब सीआईए के एजेंट बिना संघीय अनुमति के चिहुआहुआ में ड्रग विरोधी ऑपरेशन में शामिल पाए गए और एक हादसे में दो एजेंटों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा है कि अमेरिका ने मेक्सिको के कानून और संविधान का सम्मान करने का आश्वासन दिया है। यह बयान उस विवाद के सामने आने के बाद दिया गया है, जिसमें खुलासा हुआ कि केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के एजेंट देश में बिना संघीय अनुमति के सक्रिय थे।
अमेरिका मेक्सिको के कूटनीतिक नोट का दे रहा जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शीनबाम ने बताया कि अमेरिका मेक्सिको द्वारा भेजे गए कूटनीतिक नोट का जवाब दे रहा है। यह नोट 19 अप्रैल की उस घटना के बाद भेजा गया था, जिसमें ड्रग विरोधी अभियान के दौरान एक हादसे में दो सीआईए एजेंटों की मौत हो गई थी। इस अभियान के दौरान उनकी गतिविधियां उजागर हो गई थीं। शीनबाम ने कहा कि वे हमें जानकारी दे रहे हैं और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे मेक्सिको के कानून और संविधान का पालन करेंगे।
क्या है मामला?
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी राज्य चिहुआहुआ में एक गुप्त ड्रग लैब को ध्वस्त करने के लिए चलाए गए इस ऑपरेशन में अमेरिकी खुफिया एजेंट शामिल थे। यह कार्रवाई बिना मेक्सिको की संघीय सरकार की अनुमति के की गई थी, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव पैदा हो गया।
सीआईए की संलिप्तता पर क्या कहा?
राष्ट्रपति ने बताया कि इस मामले की जांच मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल कार्यालय द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अपराध की आशंका होगी, वहां यह एजेंसी जांच को अपने हाथ में लेगी। शीनबाम ने उम्मीद जताई कि सीआईए की यह संलिप्तता एक अलग-थलग घटना होगी और इसे भविष्य में द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेक्सिको का सम्मान किया जाना चाहिए।
विदेशी एजेंटों की मौजूदगी को हल्के में नही लिया जा सकता
इससे पहले 21 अप्रैल को भी शीनबाम ने स्पष्ट किया था कि संघीय सरकार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उत्तरी मेक्सिको में ड्रग विरोधी अभियान में सीआईए एजेंट शामिल थे। उन्होंने कहा कि टेक्सास से सटे इस राज्य में विदेशी एजेंटों की मौजूदगी को हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता का मामला है।
उन्होंने कहा कि हम यह सत्यापित कर रहे हैं कि वे अधिकृत थे या नहीं। यह बयान उन्होंने उस घटना के संदर्भ में दिया, जो उस समय सामने आई जब चिहुआहुआ के पहाड़ी क्षेत्र में ड्रग लैब को नष्ट करने के दौरान दो अमेरिकी एजेंटों की एक दुर्घटना में मौत हो गई।
शीनबाम ने जोर देकर कहा कि संभावित रूप से राष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने मेक्सिको में अमेरिकी राजदूत को पत्र भेजकर इस मामले से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार के साथ कोई भी संबंध, खासकर सुरक्षा मामलों में, संघीय सरकार के माध्यम से ही होना चाहिए। राष्ट्रपति ने दोहराया कि सरकार को CIA एजेंटों की इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं थी और बिना अनुमति किसी भी विदेशी एजेंसी का मेक्सिको में संचालन स्वीकार्य नहीं है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

कमेंट
कमेंट X