{"_id":"628e5b69fc0c4571b7662b30","slug":"ukraine-crisis-russia-is-ready-for-a-long-war-zelensky-said-not-ready-to-leave-the-motherland-we-will-fight-latest-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ukraine Crisis: रूस लंबे युद्ध को तैयार, जेलेंस्की ने कहा- मातृभूमि छोड़ने के लिए तैयार नहीं, हम लड़ेंगे","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Ukraine Crisis: रूस लंबे युद्ध को तैयार, जेलेंस्की ने कहा- मातृभूमि छोड़ने के लिए तैयार नहीं, हम लड़ेंगे
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मॉस्को/दावोस
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Wed, 25 May 2022 10:08 PM IST
विज्ञापन
सार
सेवेरोदोनेस्क और दोनेस्क क्षेत्र के गवर्नर पाउलो क्यारिलेंको ने स्थानीय सहयोगी को रेडियो के माध्यम से जानकारी दी कि इस क्षेत्र में रूस ने पकड़ मजबूत कर ली है और आशंका है कि जल्द ही यह क्षेत्र रूसी सेना के कब्जे में चला जाए। आइए पढ़ते हैं युद्ध से जुड़े सभी अपडेट्स...
जेलेंस्की और पुतिन
- फोटो : Amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
रूस-यूक्रेन युद्ध के 91वें दिन रूसी सेना ने यूक्रेनी शहर सेवेरोदोनेस्क पर अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। इसी के साथ दोनेस्क क्षेत्र पर यूक्रेन कमजोर पड़ता दिख रहा है। उधर, रूस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस क्षेत्र में लंबे युद्ध के लिए पूरी तरह से तैयार है। जबकि यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह युद्ध को खत्म करने के लिए अपनी मातृभूमि नहीं छोड़ेगा।
सेवेरोदोनेस्क और दोनेस्क क्षेत्र के गवर्नर पाउलो क्यारिलेंको ने स्थानीय सहयोगी को रेडियो के माध्यम से जानकारी दी कि इस क्षेत्र में रूस ने पकड़ मजबूत कर ली है और आशंका है कि जल्द ही यह क्षेत्र रूसी सेना के कब्जे में चला जाए। इससे पहले रूस समर्थित दोनेस्क पीपुल्स रिपब्लिक ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि उसके सैनिकों ने शहर पर अपना कब्जा कर लिया है और यूक्रेनी ध्वज हटाकर रूसी झंडा फहरा दिया है। रूसी रक्षामंत्री सर्गेइ शोइगु ने युद्ध के लंबा खिंचने के लिए तैयार रहने का बयान दिया है जबकि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान वर्चुअल संबोधन में कहा, हम अपनी जमीन छोड़ने नहीं जा रहे, हम यहां लड़ रहे हैं, किसी के खिलाफ नहीं बल्कि अपनी मातृभूमि के लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
यूक्रेन के बहाने ईयू पर सीधा हमला कर रहा रूस: स्पेन
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि यूक्रेन के बहाने रूस यूरोपीय यूनियन (ईयू) पर सीधा हमला कर रहा है। यूरोपीय देशों को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्पेन में इस समय एक लाख से अधिक यूक्रेनी शरणार्थी हैं। उन्होंने कहा, यूक्रेन में रूसी हमले का जवाब देना चाहिए और यूक्रेन को किसी भी कीमत पर यह लड़ाई जीतनी चाहिए।
मैरियूपोल: इमारत के भूतल में मिले शवों से फैल रही दुर्गंध
मैरियूपोल में एक इमारत के भूतल में मलबे से करीब 200 शव मिले हैं। मेयर के एक सलाहकार पेट्रो एंद्रीशचेंको ने कहा, शव सड़ रहे थे और दुर्गंध फैल रही थी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि शवों को कब ढूंढा गया, लेकिन पीड़ितों की संख्या इसे युद्ध के सबसे घातक हमलों में से एक बताती है।
रूसी सेना के पास बड़ी संख्या में सैनिक-हथियार
लुहांस्क प्रांत के गवर्नर सेरेही हैदाई ने कहा, रूसी सैनिक एक ही समय में सभी दिशाओं में आगे बढ़ रहे हैं। उनके पास बड़ी संख्या में सैनिक और हथियार हैं। आक्रमणकारी हमारे शहरों को खत्म कर रहे हैं, चारों ओर सब कुछ नष्ट कर रहे हैं। क्षेत्रीय गवर्नर के अनुसार, दोनबास के दोनेस्क क्षेत्र में रूसी गोलाबारी के दौरान 12 लोग मारे गए। लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर ने कहा, यह क्षेत्र 8 वर्षों में सबसे कठिन दौर का सामना कर रहा है।
ऑस्ट्रिया की नेता का रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनी से इस्तीफा
ऑस्ट्रिया की पूर्व विदेश मंत्री कैरिन केनिसल ने रूसी तेल कंपनी रोसनेफ्ट के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। वह किसी समय अपनी शादी में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बुलाने व उनके साथ नृत्य करने के चलते चर्चा में रही हैं। रोसनेफ्ट रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनी है, जिसका नेतृत्व पुतिन के करीबी इगोर सेचिन कर रहे हैं। कंपनी ने सोमवार को कैरिन के इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि हम उनके आभारी हैं। पिछले 10 महीनों में उन्होंने महामारी के कठिन समय में कंपनी को बेहतर तरीके से चलाया। एक दिन पूर्व ही कैरिन के खिलाफ ईयू में प्रस्ताव पारित हुआ था।