World: थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई युद्धबंदियों को किया रिहा; कैलिफोर्निया में भूकंप के झटके, 5.3 तीव्रता दर्ज
थाईलैंड ने बुधवार को 18 कंबोडियाई सैनिकों को रिहा कर दिया, जो पिछले पांच महीनों से युद्धबंदी के रूप में हिरासत में थे। यह रिहाई थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर संघर्ष रोकने के लिए हुए संघर्षविराम समझौते के तहत की गई। थाई विदेश मंत्रालय ने इसे सद्भावना और भरोसा बढ़ाने की पहल बताया। कंबोडिया ने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच शांति और सामान्य संबंध बहाल करने में मदद मिलेगी।
कैलिफोर्निया में भूकंप के झटके, 5.3 तीव्रता दर्ज
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में मंगलवार रात 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र सुसानविल शहर के पास था। यह झटका रात 9:49 बजे महसूस किया गया। USGS ने बताया कि भूकंप की गहराई करीब 4.7 किलोमीटर थी। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
पाकिस्तान की बढ़ती आबादी पर UNFPA की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) ने कहा है कि 2026 में पाकिस्तान दुनिया का पांचवां सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा, जहां जनसंख्या 22.5 करोड़ से ज्यादा होगी। UNFPA ने तेज जनसंख्या वृद्धि, लैंगिक असमानता और जलवायु संकट को बड़ी चुनौती बताया और अधिकार-आधारित व रणनीतिक जनसंख्या नीति अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। संस्था ने स्वास्थ्य, शिक्षा और लैंगिक समानता में सुधार को विकास से जोड़ने की सिफारिश की।
संयुक्त राष्ट्र ने हिंदी-उर्दू में भी दिया नव वर्ष संदेश
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने पहली बार 2026 के लिए अपना नववर्ष संदेश हिंदी सहित अन्य भाषाओं में जारी किया है। उन्होंने अपने संदेश में विश्व नेताओं से विनाश (युद्ध) के बजाय आज विकास में निवेश करने का आह्वान किया। गुटेरस का नववर्ष संदेश 11 भाषाओं में जारी किया गया है। इनमें यूएन की छह आधिकारिक भाषाएं अरबी, चीनी, अंग्रेजी, फ्रेंच, रूसी व स्पेनिश के साथ-साथ हिंदी और उर्दू भी शामिल हैं। इस मौके पर उनके वीडियो संदेश में हिंदी सबटाइटल भी दिए हैं। गुटेरस ने संदेश में 2026 के लिए कहा, दुनिया में मानवीय संकट को रोकना जरूरी है। बिना इसे रोके नव वर्ष में प्रवेश करना मनुष्य जाति के लिए खतरनाक होगा। युद्ध रोकने होंगे।
पुतिन ने राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी को दी नव वर्ष की बधाई
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी को नव वर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दीं। क्रेमलिन ने मंगलवार को बताया कि पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं को क्रिसमस और आगामी नव वर्ष 2026 के लिए बधाई दीं। पुतिन ने चीन और स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) देशों के नेताओं को भी शुभकामनाएं दीं, लेकिन यूक्रेन में मोर्चा खोले यूरोपीय देशों को नजरअंदाज किया।
तुर्किये में आईएस के खिलाफ बड़ा अभियान, 110 गिरफ्तार
तुर्किये पुलिस ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ चलाए अभियान में 110 संदिग्ध पकड़े हैं। कार्रवाई उत्तर-पश्चिमी तुर्की में हुई मुठभेड़ के एक दिन बाद हुई, जिसमें तीन पुलिसकर्मी और छह आतंकी मारे गए थे। पुलिस ने इस्तांबुल और दो अन्य प्रांतों में 114 ठिकानों पर छापे मारे थे। इस दौरान यालोवा में आठ घंटे चली घेराबंदी के दौरान कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए। अभियान में डिजिटल सामग्री और दस्तावेज जब्त किए गए। तुर्की ने इस वर्ष आईएस के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
श्रीलंकाई जजों ने भारत में क्षमता विकास कार्यक्रम में लिया हिस्सा
श्रीलंका के 20 हाईकोर्ट जज भारत में आयोजित ज्ञान-विनिमय और क्षमता-विकास कार्यक्रम में शामिल हुए। भारतीय उच्चायोग के अनुसार, कार्यक्रम 15 से 19 दिसंबर तक भोपाल स्थित भारतीय राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में हुआ। इसमें न्यायिक निर्णय प्रक्रिया, अपीलीय समीक्षा, अदालतों में तकनीक का उपयोग, साइबर अपराध, ई-साक्ष्य, न्यायिक नेतृत्व, नैतिकता और न्यायिक तनाव जैसे विषयों पर नौ सत्र शामिल थे। यह पहल भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय सहयोग के तहत की गई है। इसके तहत हर वर्ष श्रीलंका के 1,000 पेशेवरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जर्मनी : क्रिसमस पर चोरों ने बैंक में सेंधमारी कर 90 करोड़ उड़ाए
जर्मनी के गेलसेनकिर्चेन शहर में चोरों ने क्रिसमस की छुट्टियों का फायदा उठाकर स्पार्कसे बैंक की एक शाखा की दीवार में ड्रिल मशीन से सेंधमारी कर करोड़ों की संपत्ति चुरा ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 से 29 दिसंबर के बीच की है। चोरों ने बैंक के लॉकर रूम से सटे एक पार्किंग गैरेज के रास्ते घुसपैठ की। वे दीवार में सेंध लगाकर बैंक में घुसे आैर निजी सेफ डिपॉजिट बॉक्स को तोड़ डाला। चोरों ने 90 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मुद्रा व गहने चोरी किए हैं।
पेरू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माचू पिच्चू की ओर जा रही दो ट्रेनों की टक्कर में एक रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कम से कम 30 यात्री घायल हो गए। हादसा मंगलवार दोपहर को कोरिवायराचिना इलाके के पास हुआ, जो खुद भी एक पुरातात्विक स्थल है। कुज्को पुलिस के अधिकारी जॉनथन कास्टिलो गोंजालेज के मुताबिक, हादसे के बाद माचू पिच्चू और कुज्को को जोड़ने वाली रेल सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में ट्रेन के डिब्बों के शीशे टूटे और ढांचा क्षतिग्रस्त नजर आया। फिलहाल हादसे की वजह साफ नहीं हो सकी है।
गिनी में सैन्य नेता ममादी डूम्बूया चुनाव जीते, अस्थायी नतीजे घोषित
गिनी में हुए राष्ट्रपति चुनाव के अस्थायी नतीजों में सैन्य शासन के प्रमुख जनरल ममादी डूम्बूया को विजेता घोषित किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, डूम्बूया को अब तक गिने गए वोटों में से 86.72 फीसदी समर्थन मिला है। यह चुनाव 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद देश का पहला आम चुनाव था। विश्लेषकों का कहना है कि कमजोर विपक्ष और सख्त सरकारी नियंत्रण के कारण डूम्बूया की जीत पहले से तय मानी जा रही थी। आलोचकों का आरोप है कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने विपक्ष और असहमति की आवाजों को दबाया।
पूर्व अमेरिकी सीनेटर बेन नाइटहॉर्स कैंपबेल का 92 वर्ष की उम्र में निधन
अमेरिका के कोलोराडो राज्य से पूर्व सीनेटर और सांसद बेन नाइटहॉर्स कैंपबेल का मंगलवार को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि उनका निधन प्राकृतिक कारणों से हुआ। कैंपबेल मूल रूप से नॉर्दर्न शायेन जनजाति से थे और अमेरिकी संसद में मूल अमेरिकी समुदायों के अधिकारों के लिए मुखर आवाज माने जाते थे। वे अपने अलग अंदाज काउबॉय बूट, बोलो टाई और लंबी चोटी के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने प्रतिनिधि सभा में तीन और सीनेट में दो कार्यकाल पूरे किए।
दक्षिण अफ्रीका में पारंपरिक दीक्षा समारोहों के दौरान कराए गए खतना के कारण नवंबर और दिसंबर महीने में कम से कम 41 युवकों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दीक्षा समारोह अफ्रीकी समुदायों में युवकों के वयस्क होने की एक पारंपरिक रस्म है। दक्षिण अफ्रीका में खासतौर पर खोसा, नडेबेले, सोथो और वेंडा समुदायों में यह परंपरा हर साल निभाई जाती है। इस दौरान युवकों को कुछ समय के लिए दीक्षा स्कूलों में रखा जाता है, जहां उन्हें संस्कृति, जिम्मेदारियों और जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जाती है।
ब्रिटिश-भारतीय कलाकार मीरा स्याल को डेमहुड सम्मान
ब्रिटिश-भारतीय कलाकार मीरा स्याल को किंग चार्ल्स तृतीय की न्यू ईयर ऑनर्स सूची में डेमहुड से सम्मानित किया गया है। उन्हें साहित्य, नाटक और चैरिटी में योगदान के लिए डेम मीरा की उपाधि दी गई। डाउनिंग स्ट्रीट के अनुसार, इस वर्ष यूके से 1,157 लोगों को सम्मान मिला है। पीएम कीर स्टारमर ने इसे समुदायों के लिए समर्पित लोगों का सम्मान बताया। वूल्वरहैम्प्टन में जन्मीं मीरा गुडनेस ग्रेशियस मी और द कुमर्स एट नं. 42 जैसी रचनाओं के लिए जानी जाती हैं।
नेपाल में पीली नंबर प्लेट वाली भारतीय टैक्सियों पर प्रतिबंध
कैलाली जिला प्रशासन ने भारतीय नंबर की पीली नंबर प्लेट वाली टैक्सियों के नेपाल में प्रवेश और सवारी ढोने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद गौरीफंटा में भारत-नेपाल सीमा पर अफरा-तफरी रही। दिल्ली व अन्य महानगरों से सवारियां लेकर पहुंचे दर्जनों चालक बॉर्डर पर ही रोक दिए गए जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शिकायत थी कि भारतीय नंबर की टैक्सियां अवैध रूप से नेपाली सवारियां बैठाकर ले जा रही हैं।
अमेरिकी सेना का ड्रग्स तस्करी में शामिल नाव पर 30वां हमला
अमेरिकी सेना ने पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग्स तस्करी में शामिल एक नाव पर 30वां हमला किए जाने की पुष्टि की। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। यूएस साउदर्न कमांड के अनुसार, सितंबर की शुरुआत से इन हमलों में अब तक कम से कम 107 लोग मारे जा चुके हैं। सेना का दावा है कि नाव नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त थी। हालांकि, इसके सबूत सार्वजनिक नहीं किए गए। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन कार्रवाइयों को अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए जरूरी बताया है।