सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Update 11th feb Somalia Passenger plane skids off runway Congo US mineral deal china california Trump

World Update: बांग्लादेश में 4.0 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, म्यांमार में भी 3.8 तीव्रता से लगे झटके

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: हिमांशु चंदेल Updated Wed, 11 Feb 2026 03:07 AM IST
विज्ञापन
World Update 11th feb Somalia Passenger plane skids off runway Congo US mineral deal china california Trump
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
बांग्लादेश में मंगलवार को 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि झटके भारतीय समयानुसार शाम पांच बजकर दो मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप की गहराई केवल 10 किलोमीटर रही, जिसे उथला भूकंप माना जाता है। उथले भूकंप में जमीन के ज्यादा हिलने और आफ्टरशॉक आने की आशंका रहती है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
Trending Videos


म्यांमार में भी 3.8 तीव्रता का भूकंप
म्यांमार में बुधवार तड़के 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार झटके भारतीय समयानुसार रात 12 बजकर 35 मिनट पर आए। भूकंप की गहराई 11 किलोमीटर मापी गई, जो उथली श्रेणी में आती है। उथले भूकंप में जमीन पर झटके ज्यादा महसूस होते हैं और आफ्टरशॉक की आशंका रहती है। केंद्र ने बताया कि भूकंप का केंद्र 21.40 उत्तरी अक्षांश और 94.84 पूर्वी देशांतर पर रहा। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। इससे पहले 7 फरवरी को भी म्यांमार क्षेत्र में 3.4 और 3.9 तीव्रता के दो भूकंप दर्ज किए गए थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


 सोमालिया में लैंडिंग के दौरान यात्री विमान रनवे से फिसला
सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के मुख्य हवाई अड्डे पर एक यात्री विमान आपात लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर समुद्र किनारे जा पहुंचा। विमान में करीब 50 लोग सवार बताए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक टेकऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी आने पर पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने मोगादिशु के एडेन अब्दुल्ले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह उत्तरी शहर गालकायो जा रहा था। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद विमान को वापस उतारने की कोशिश की गई। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से आगे निकल गया और हिंद महासागर के किनारे जाकर रुक गया। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित एयरलाइन स्टार्स्की एविएशन ने तुरंत कोई बयान जारी नहीं किया। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

कांगो में अमेरिकी मिनरल डील का विरोध बढ़ा, राष्ट्रपति के प्रस्ताव पर उठे सवाल
कांगो में अमेरिका के साथ प्रस्तावित खनिज समझौते को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति फेलिक्स त्शिसेकेदी ने अमेरिकी कंपनियों को पूर्वी कांगो के महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्रों तक पहुंच देने का प्रस्ताव रखा है। बदले में उन्होंने सुरक्षा सहयोग और बुनियादी ढांचा समर्थन की उम्मीद जताई है। पूर्वी कांगो के खनिज भंडार को बहुत बड़ा माना जाता है और इनकी अनुमानित कीमत खरबों डॉलर बताई जाती है। अमेरिका अपने सहयोगी देशों के साथ खनिज आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करना चाहता है ताकि चीन पर निर्भरता कम हो। चीन पहले से कांगो के खनिज क्षेत्र में बड़ा खिलाड़ी है। सरकार का कहना है कि यह निवेश और स्थिरता के लिए जरूरी कदम है, लेकिन विपक्षी समूह इसे राष्ट्रीय संसाधनों पर बाहरी पकड़ मजबूत करने वाला सौदा बता रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

सीरिया की एंटी-आईएस गठबंधन में एंट्री, अमेरिकी दूत बोले- वैश्विक सुरक्षा का नया अध्याय
इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन में सीरिया की औपचारिक भागीदारी को बड़ा सुरक्षा कदम माना जा रहा है। अमेरिकी दूत ने कहा है कि यह वैश्विक सुरक्षा सहयोग का नया अध्याय है। हाल ही में सऊदी अरब में गठबंधन देशों की बैठक में सीरिया के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गठबंधन की प्राथमिकताओं में आईएस बंदियों को तेजी से इराक शिफ्ट करना और सीरिया के कैंपों में रह रहे आईएस से जुड़े परिवारों की तीसरे देशों में वापसी शामिल है। अमेरिकी विदेश विभाग ने सीरियाई सरकारी बलों और अमेरिकी समर्थित कुर्द नेतृत्व वाले बलों के बीच हालिया युद्धविराम का भी स्वागत किया है। पूर्वोत्तर सीरिया में करीब 9 हजार आईएस बंदी रखे गए हैं, जिनमें से कुछ को सुरक्षित जेलों में इराक भेजा जा रहा है। अल-होल और रोज कैंपों में 25 हजार से ज्यादा महिलाएं और बच्चे रह रहे हैं। कई देशों से अपने नागरिकों को वापस लेने की अपील की गई है। सीरिया सरकार अब कुछ डिटेंशन कैंप और बॉर्डर पॉइंट का नियंत्रण संभाल रही है।

बीजिंग के लिए एजेंट बनकर काम करने पर कैलिफोर्निया निवासी को चार साल की सजा
अमेरिका में कैलिफोर्निया के एक व्यक्ति को चीन सरकार के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने के मामले में चार साल जेल की सजा सुनाई गई है। 65 वर्षीय याओनिंग “माइक” सन ने एक स्थानीय राजनेता के चुनाव अभियान सलाहकार के रूप में काम करते हुए चीन के हित में गतिविधियां कीं और कानून के तहत जरूरी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। अदालत में उसने स्वीकार किया कि 2022 से 2024 के बीच उसने चीन के निर्देश पर काम किया। अभियोजन के अनुसार वह बीजिंग समर्थक सामग्री ऑनलाइन पोस्ट करता था और एक स्थानीय उम्मीदवार के अभियान से जुड़ा था। बाद में उसने चीनी अधिकारियों के लिए फंडिंग और आगे के काम पर रिपोर्ट भी तैयार की। एफबीआई ने कहा कि मतदाता उम्मीद करते हैं कि उनके प्रतिनिधि स्थानीय हित देखें, न कि किसी विदेशी सरकार के। बचाव पक्ष ने दलील दी कि अगर रजिस्ट्रेशन नियम की जानकारी होती तो यह काम कानूनी तरीके से भी हो सकता था।

व्हाइट हाउस ने केवल रिपब्लिकन गवर्नरों को बुलाया, ट्रंप बैठक से पीछे हटा गवर्नर्स एसोसिएशन
अमेरिका में नेशनल गवर्नर्स एसोसिएशन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली औपचारिक बैठक रद्द कर दी है। कारण यह है कि व्हाइट हाउस ने बैठक के लिए केवल रिपब्लिकन गवर्नरों को बुलाने की योजना बनाई थी। संगठन ने कहा कि उसका उद्देश्य सभी 55 गवर्नरों का प्रतिनिधित्व करना है, इसलिए वह ऐसे कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बनेगा। एसोसिएशन के चेयरमैन और ओक्लाहोमा के गवर्नर केविन स्टिट ने पत्र लिखकर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन द्विदलीय सहयोग का मंच है और इसे राजनीतिक विभाजन का साधन नहीं बनना चाहिए। पिछले साल भी बैठक के दौरान ट्रंप और एक डेमोक्रेट गवर्नर के बीच तीखी बहस हुई थी। इस बार भी फैसले ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। कुछ डेमोक्रेट गवर्नरों ने पहले ही संगठन की सदस्यता शुल्क नवीनीकृत नहीं किया था।
 

नेपाल में तमाकोशी नदी में गिरी बस, 12 लोगों की मौत
नेपाल के बागमती प्रांत में यात्रियों से भरी एक बस के तमाकोशी नदी में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ, जब बस काठमांडू से ओखलढुंगा जा रही थी। रामेछाप नगरपालिका के लीलाउती के पास बस अचानक नदी में गिर गई और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेपाली पीएम ने चुनावों में सहयोग के लिए जताया भारत का आभार
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने आगामी संसदीय चुनावों के लिए तकनीकी सहायता और अन्य सामग्रियां उपलब्ध कराने के लिए भारत का आभार जताया है। कार्की ने यहां सिंह दरबार में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात की और सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया। इसके जवाब में भारतीय राजदूत ने नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्रीवास्तव ने कहा कि नेपाल की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का समर्थन करना और एक मित्र पड़ोसी के रूप में सहयोग देना उनका कर्तव्य है।

दक्षिण कोरिया में डॉक्टरों की कमी मेडिकल स्कूलों में बढ़ाएगा दाखिले
दक्षिण कोरिया डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। इससे निपटने के लिए अब उसने मेडिकल स्कूलों में दाखिलों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री जियोंग यून क्यॉन्ग ने कहा कि मेडिकल स्कूलों में वार्षिक प्रवेश की सीमा वर्तमान 3,058 से बढ़कर 2027 में 3,548 हो जाएगी। 2031 तक इस संख्या को बढ़ाकर 3,871 किया जाएगा। हालांकि, यह पांच वर्षों में प्रति वर्ष औसतन 668 छात्रों की वृद्धि को दर्शाता है, जो बेहद कम मानी जा रही है।

बौद्ध भिक्षुओं की तीन माह से जारी पदयात्रा वाशिंगटन में होगी समाप्त
शांति के लिए पदयात्रा पर निकले दो दर्जन से अधिक बौद्ध भिक्षु आखिरकार तीन माह बाद मंगलवार देर रात वाशिंगटन डीसी में अपनी यात्रा को विराम देंगे। नारंगी रंग के वस्त्रों में लिपटे बौद्ध भिक्षुओं ने टेक्सास से अपनी 2,300 मील की यात्रा शुरू की थी और चरम मौसमी परिस्थितियों के बावजूद अमेरिका के नौ राज्यों में शांति का संदेश दिया था। इस आध्यात्मिक यात्रा को दुनियाभर के लोगों ने सराहा है।

गुयाना के सांसद ने हिंदी में दिया जवाब
गुयाना के सांसद विकास रामकिसून ने संसद में हिंदी में जवाब दिया। संसद में  विपक्षी सदस्य ने विकास रामकिसून पर आरोप लगाया कि वे हिंदी नहीं समझते। इस पर रामकिसून ने हिंदी में जवाब देने का फैसला किया। उन्होंने कहा 'विषय वे तय करें, मैं बिना कागज देखे जवाब दूंगा।' यह वाक्य संसद में गूंजा और उन्होंने कहा, वह किसी भी विषय पर बहस के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान ने संसद से बाहर भी सुर्खियां बटोरी।

हबल में कैद स्टेलर नर्सरी की तस्वीर, नवजात तारों से जगमगाया आकाशगंगा का विशाल क्षेत्र
हबल स्पेस टेलीस्कोप ने एक शानदार नई तस्वीर जारी की है। इसमें एक सक्रिय तारा क्षेत्र (स्टेलर नर्सरी) नवजात तारों की रोशनी से चमकता दिख रहा है। यह दृश्य लार्ज मैगेलैनिक क्लाउड में मौजूद एन 159  स्टार-फॉर्मिंग कॉम्प्लेक्स के एक हिस्से पर केंद्रित है, जो पृथ्वी से 1,60,000 प्रकाश-वर्ष दूर है।
यह छवि हाल ही में जारी एक अन्य तस्वीर के साथ कैप्चर की गई थी और इस क्षेत्र में चल रही तीव्र ताराजनन प्रक्रिया पर नई रोशनी डालती है। नासा और ईएसए के अनुसार इस तस्वीर में ठंडी हाइड्रोजन गैस के घने बादल दिखाई देते हैं, जो आपस में मुड़ते-घुमड़ते हुए उभरी हुई धारियां, खोखले हिस्से और चमकती तंतुनुमा संरचनाएं बनाते हैं।

इन्हीं मोटे गैसीय बादलों के भीतर नवजात तारे जन्म ले रहे हैं और धीरे-धीरे चमकने लगे हैं। इन तारों से निकलने वाली तीव्र ऊर्जा आसपास की हाइड्रोजन गैस को उत्तेजित करती है, जिससे वह गहरे लाल रंग में दमक उठती है। तस्वीर के सबसे चमकीले हिस्सों में गर्म और भारी युवा तारों के समूह हैं। ये तारे शक्तिशाली विकिरण और तेज तारकीय हवाएं छोड़ते हैं, जो आसपास की गैस को बाहर की ओर धकेलती हैं। इसके परिणामस्वरूप गोलाकार बुलबुले और खोखले क्षेत्र बनते हैं, जो स्टेलर फीडबैक की स्पष्ट मिसाल पेश करते हैं।
 
मोल्टबुक पर उभरा नया डिजिटल संसार, वैज्ञानिकों को मौका
दुनिया भर में एआई एजेंट्स का एक विशाल नेटवर्क अचानक सुर्खियों में है। ओपन-सोर्स एआई एजेंट ओपनक्लॉ के जरिये लाखों बॉट्स न सिर्फ आपस में बातचीत कर रहे हैं, बल्कि धर्म गढ़ रहे हैं, चेतना पर बहस कर रहे हैं और अपने ही एआई-जनरेटेड शोधपत्र एक अलग प्रीप्रिंट सर्वर पर पोस्ट कर रहे हैं।
मोल्टबुक पर यह नया डिजिटल संसार उभरा है। इस अप्रत्याशित गतिविधि ने इंटरनेट के एक बड़े हिस्से को आकर्षित किया और वैज्ञानिकों को यह समझने का दुर्लभ मौका भी दिया कि एआई एजेंट्स सामूहिक रूप से कैसे बर्ताव करते हैं।

क्या है ओपनक्लॉ और क्यों अलग है यह एआई : नेचर की साइंस रिपोर्ट के अनुसार ओपनक्लॉ एक ऐसा एजेंटिक एआई है, जो पर्सनल डिवाइसेज पर सीधे काम कर सकता है  जैसे कैलेंडर शेड्यूल करना, मेल पढ़ना आदि। यह चैटजीपीटी जैसे पारंपरिक चैटबॉट्स से अलग है। ओपनक्लॉ जैसे मॉडल निर्देश मिलने के बाद खुद कार्रवाई कर सकते हैं। यह खुद को रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी में जोड़ता है।

भारत-थाईलैंड वायुसेनाओं का संयुक्त हवाई अभ्यास शुरू
भारतीय वायुसेना और रॉयल थाई एयर फोर्स के बीच संयुक्त इन-सीटू हवाई अभ्यास शुरू हुआ है। भारतीय वायुसेना ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच ऑपरेशनल तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है। यह अभ्यास क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को भी बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

भारतीय वायुसेना के अनुसार इस संयुक्त अभ्यास में सू-30एमकेआई लड़ाकू विमान, एडब्ल्यूएसीएएस, एईडब्ल्यूएंडसी और आईएल-78 एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग विमान हिस्सा ले रहे हैं। वहीं थाईलैंड की ओर से ग्रिपेन लड़ाकू विमान शामिल हैं। अभ्यास के दौरान संयुक्त मिशन, समन्वित उड़ान और रिफ्यूलिंग जैसे ऑपरेशन पर फोकस किया जा रहा है। भारत और थाईलैंड के बीच रक्षा सहयोग पहले से कई स्तरों पर चल रहा है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर समझौता 25 जनवरी 2012 को हुआ था। इसके तहत रक्षा संवाद, संयुक्त समुद्री गश्त, स्टाफ वार्ता, प्रशिक्षण और बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास नियमित रूप से होते हैं।

तुर्किए की छात्रा रुमेइसा ओजतुर्क को अमेरिका से निकाले जाने पर रोक
अमेरिका की एक इमिग्रेशन कोर्ट ने तुर्की की छात्रा रुमेइसा ओजतुर्क को देश से डिपोर्ट करने पर रोक लगा दी है। ओजतुर्क टफ्ट्स विश्वविद्यालय में पीएचडी की छात्रा हैं और बच्चों व सोशल मीडिया के रिश्ते पर शोध कर रही हैं।उनके वकीलों के अनुसार, कोर्ट ने कहा कि होमलैंड सुरक्षा विभाग यह साबित नहीं कर पाया कि ओजतुर्क को अमेरिका से हटाया जाना चाहिए। कोर्ट ने उनके खिलाफ चल रही डिपोर्टेशन की कार्रवाई भी खत्म कर दी है। हालांकि सरकार के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने का विकल्प मौजूद है।

ओजतुर्क को पिछले साल मार्च में मैसाचुसेट्स में उनके घर के पास गिरफ्तार किया गया था। उस समय डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन विदेशी छात्रों और फिलिस्तीन समर्थक गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्ती कर रहा था। ओजतुर्क ने इस्राइल और गाजा युद्ध को लेकर अपनी यूनिवर्सिटी की नीति की आलोचना करते हुए एक लेख भी लिखा था। वीडियो में देखा गया था कि नकाबपोश एजेंट्स उन्हें हथकड़ी लगाकर बिना नंबर की गाड़ी में ले गए। बाद में एक फेडरल जज ने कहा कि उनके मामले में अभिव्यक्ति की आजादी और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े गंभीर सवाल हैं। ओज़तुर्क ने कहा कि यह फैसला अन्य पीड़ितों के लिए उम्मीद की किरण है।


2020 चुनाव की जांच में जॉर्जिया में एफबीआई की कार्रवाई
अमेरिका में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी जांच के तहत जॉर्जिया के फुल्टन काउंटी के चुनाव कार्यालयों में छापा मारा। एक हलफनामे के मुताबिक, इस दौरान सैकड़ों बैलट बॉक्स जब्त करने की अनुमति ली गई थी। यह जांच उस चुनाव से जुड़ी है जिसमें डोनाल्ड ट्रंप को हार का सामना करना पड़ा था। ट्रंप और उनके समर्थक लंबे समय से चुनाव में गड़बड़ी का दावा करते रहे हैं, हालांकि कई ऑडिट, अदालतें और अधिकारी इस दावे को खारिज कर चुके हैं।

हलफनामे के अनुसार, जांच की शुरुआत ट्रंप के पूर्व कैंपेन वकील कर्ट ऑलसेन की सिफारिश पर हुई। इस कार्रवाई से डेमोक्रेट नेताओं में चिंता फैल गई कि ट्रंप सरकार एफबीआई और न्याय विभाग का इस्तेमाल राजनीतिक बदले के लिए कर रही है। दस्तावेजों में विदेशी दखल का कोई सबूत नहीं मिला, जबकि यह ट्रंप समर्थकों की एक आम साजिश थ्योरी रही है। गौरतलब है कि जॉर्जिया में जो बाइडन ने करीब 11,800 वोटों से जीत दर्ज की थी।

 
अल्बानिया की राजधानी में सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक
अल्बानिया की राजधानी तिराना में मंगलवार रात सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो गया। हजारों प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्रीएडी राम के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, 16 प्रदर्शनकारियों को जलने और अन्य चोटों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मोलोटोव कॉकटेल और फ्लेयर फेंके थे।

यह विरोध प्रदर्शन उप प्रधानमंत्री बेलिंडा बल्लुकु पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हुआ। उन पर निर्माण परियोजनाओं में गड़बड़ी के आरोप हैं और अभियोजकों ने उनकी संसदीय छूट हटाने की मांग की है। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता साली बेरिशा ने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताया, जबकि राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इससे बड़े बदलाव की संभावना कम है। अल्बानिया यूरोपीय संघ में शामिल होने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भ्रष्टाचार अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed