सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world updates 14 December Terrorist attack kills six Bangladeshi military peacekeepers in Sudan

World: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 13 टीटीपी आतंकवादी ढेर; नेपाल के मनांग जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 14 Dec 2025 10:46 PM IST
विज्ञापन
world updates 14 December Terrorist attack kills six Bangladeshi military peacekeepers in Sudan
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग खुफिया आधारित अभियानों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 13 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना की मीडिया शाखा ने रविवार को यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, ये अभियान 12 और 13 दिसंबर को मोहमान्द और बन्नू जिलों में चलाए गए। बयान में कहा गया कि मारे गए आतंकवादी ‘फितना अल खवारिज’ से जुड़े थे, जो टीटीपी के आतंकियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है। मोहमान्द जिले में सुरक्षा बलों ने सात आतंकवादियों को ढेर किया, जबकि बन्नू जिले में हुई मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए। दूसरी तरफ, इसी प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक अलग घटना में एक प्रमुख आदिवासी नेता की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos


मध्य नेपाल के मनांग जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप
मध्य नेपाल के गंडकी प्रांत के मनांग जिले में रविवार को हल्का भूकंप आया। भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई। इसका अभिकेंद्र मनांग जिले के थोचे क्षेत्र में था। भूकंप के झटके 12 बजकर 54 मिनट पर दर्ज किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप प्रभावित इलाके से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। हालांकि झटके महसूस होते ही कुछ स्थानों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके पड़ोसी जिलों कास्की, लमजुंग और मुस्तांग में भी महसूस किए गए। नेपाल भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और यह सक्रिय टेक्टोनिक जोन चार और पांच में आता है। इसी वजह से देश में हर साल छोटे और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


सूडान में आतंकी हमले में छह बांग्लादेशी सैनिकों की मौत
बांग्लादेश सेना ने शनिवार को एक बयान में कहा कि सूडान में हुए एक आतंकी हमले में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में उसके छह जवान मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। यह हमला सूडान के अबेई इलाके में संयुक्त राष्ट्र के एक बेस पर हुआ। इस बीच, रक्षा मंत्रालय के इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस (ISPR) निदेशालय ने एक शुरुआती बयान में कहा कि इलाके में अभी भी लड़ाई जारी है। बांग्लादेश, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में एक प्रमुख योगदानकर्ता है, और अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में सेना, नौसेना, वायु सेना और पुलिस के 6,000 से अधिक जवान संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में तैनात हैं।

टेकऑफ के दौरान इंजन फेल होने के बाद यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट सुरक्षित रूप से डलेस एयरपोर्ट उतरी

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट का शनिवार को डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टेकऑफ के दौरान इंजन फेल हो गया, जिसके बाद वह सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट लौट आई। FAA ने कहा कि यूनाइटेड फ्लाइट 803 शनिवार दोपहर को टोक्यो जा रही थी, तभी इंजन फेल हो गया। बोइंग 777-200 विमान दोपहर करीब 1:20 बजे सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट लौट आया। FAA ने कहा कि वह इस घटना की जांच करेगा।
 

इस्राइल ने नासा के साथ किया रणनीतिक अंतरिक्ष समझौता

इस्राइल की नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री गिला गैमलियल ने नासा के साथ दस साल के रणनीतिक अंतरिक्ष समझौते पर हस्ताक्षर किए। वाशिंगटन में नासा मुख्यालय में हुए इस हस्ताक्षर समारोह के दौरान गैमलियल ने इस्राइल की पहली महिला को अंतरिक्ष में भेजने और चंद्रमा एवं गहरे अंतरिक्ष पर संयुक्त परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

ढाका की 12 मंजिला इमारत में भीषण आग 42 निकाले गए

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक बाजार में 12 मंजिला बहुउद्देशीय इमारत के भूतल में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। केरानीगंज के बाबू बाजार स्थित जबल-ए-नूर टावर में लगी आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस बीच, अग्निशमन विभाग ने इमारत से 42 लोगों को बाहर निकाल लिया।

पाकिस्तान के रिहायशी इलाके में ड्रोन गिरने से 3 बच्चों की मौत

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में एक रिहायशी इलाके में एक ड्रोन गिरने से कम से कम तीन बच्चों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले के मुमंद खेल इलाके में हुई, जहां शनिवार देर रात एक घनी आबादी वाले इलाके में ड्रोन गिर गया, जिससे बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद, निवासियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल बच्चे और मृतकों के शवों को पास के अस्पताल में पहुंचाया। घटना के तुरंत बाद बचाव और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल अधिकारियों ने पुष्टि की कि घायल बच्चा खतरे से बाहर है। इस घटना से इलाके के निवासियों में दहशत और डर फैल गया। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और ड्रोन के प्रकार और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
 

दक्षिण अफ्रीका से 16 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को किया जाएगा निर्वासित
दक्षिण अफ्रीका में अवैध तरीके से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 16 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस उनके देश भेजा जाएगा। ये सभी शुक्रवार को इथियोपियन एयरलाइंस की उड़ान से जोहान्सबर्ग के ओआर टैम्बो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे। जांच में पता चला कि उनके पास फर्जी वीजा थे। दक्षिण अफ्रीका की बॉर्डर मैनेजमेंट अथॉरिटी (बीएमए) की कार्यवाहक आयुक्त जेन थुपाना ने बताया कि यात्रियों के विवरण के विश्लेषण के दौरान इन लोगों की यात्रा का पैटर्न संदिग्ध पाया गया। बाद में पासपोर्ट जांच क्षेत्र में इन्हें अन्य दक्षिण अफ्रीकी यात्रियों के बीच संदिग्ध रूप से घुलते-मिलते देखा गया।
अधिकारियों ने प्रोफाइलिंग के आधार पर इन्हें अलग किया और गहन जांच में इनके दस्तावेज फर्जी पाए गए। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला कि यह तरीका मानव तस्करी गिरोहों द्वारा अक्सर अपनाया जाता है, जिसमें लोग दक्षिण अफ्रीका को ट्रांजिट के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

थुपाना ने अधिकारियों की सतर्कता की सराहना की और कहा कि बीएमए उन्नत यात्री डेटा और व्यवहारिक प्रोफाइलिंग के जरिए सीमा सुरक्षा मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित एयरलाइन पर प्रति यात्री 15,000 रैंड का जुर्माना लगेगा और निर्वासन का खर्च भी वही उठाएगी। दक्षिण अफ्रीका में लंबे समय से बांग्लादेश, भारत और पाकिस्तान समेत कई देशों के अवैध प्रवासियों को लेकर चिंता जताई जाती रही है।

दक्षिण अफ्रीका: मंदिर ढहने के बाद खराब मौसम ने रोका रेस्क्यू अभियान
दक्षिण अफ्रीका के रेडक्लिफ इलाके में निर्माणाधीन चार मंजिला अहोबिलम टेंपल ऑफ प्रोटेक्शन के ढहने से अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह हादसा तब हुआ जब भारी मात्रा में कंक्रीट अचानक गिर गया। मलबे में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका थी, लेकिन खराब मौसम के कारण शनिवार दोपहर बचाव अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। रेस्क्यू टीमों ने दो दिनों तक लगातार प्रयास किए। शुरुआती दौर में मलबे में फंसे एक व्यक्ति के मोबाइल फोन कॉल्स के जरिए उसकी स्थिति का पता चला था, लेकिन शुक्रवार देर शाम कॉल्स बंद हो गईं। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे में और लोग फंसे हैं या नहीं।

मृतकों में 52 वर्षीय विक्की जयराज पांडे भी शामिल हैं, जो पिछले दो वर्षों से मंदिर से जुड़े थे और निर्माण परियोजना के प्रबंधक थे। मंदिर से जुड़ी एक चैरिटी संस्था के निदेशक ने उनकी मौत की पुष्टि की। ईथेक्विनी नगर निगम ने बताया कि मंदिर का निर्माण बिना स्वीकृत भवन योजनाओं के किया जा रहा था, जिससे इसे अवैध बताया गया है। प्रांतीय मंत्री थुलासिज्वे बुथेलेजी ने घटनास्थल का दौरा कर कहा कि जरूरत पड़ी तो बचाव कार्य आगे भी जारी रहेगा। मंदिर का निर्माण गुफा के आकार में किया जा रहा था और इसमें भारत से लाए गए पत्थरों का इस्तेमाल किया गया था।

न्यूयॉर्क विवि के पुस्तकालय में लिखे भारत व यहूदियों के खिलाफ अपशब्द
अमेरिका के मशहूर न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में भारत व यहूदियों के खिलाफ अपशब्द लिखे गए। पुस्तकालय की दीवारों पर हिंदू व यहूदी धर्म के पवित्र प्रतीकों से छेड़छाड़ करते हुए भित्तिचित्र बनाई गईं। अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इस नफरती हरकत की कड़ी निंदा की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले की जांच का ब्योरा जारी नहीं किया है।

कृष्णमूर्ति ने एक बयान में न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के हिस्से ब्रुकलिन स्थित बर्न डिबनर पुस्तकालय में मिली नफरत भरी भित्तिचित्र की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी। असामाजिक तत्वों ने दीवारों पर स्वास्तिक से छेड़छाड़ करते हुए अपमानजनक बातें लिखी थीं। उन्होंने कहा, न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय की बर्न डिबनर लाइब्रेरी में मिलीं नफरती भित्तिचित्र बहुत परेशान करने वाली और पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। इनमें यहूदी विरोधी प्रतीक, भारतीय छात्रों व दूसरे समुदायों को निशाना बनाने वाली अपमानजनक बातें शामिल हैं। भारतवंशी सांसद ने कहा कि नफरत व डराने-धमकाने वाली हरकतों की कॉलेज कैंपस या पूरे समाज में कोई जगह नहीं है। इस घटना की पूरी तरह से जांच होनी चाहिए। उन्होंने नफरत के खिलाफ एकजुटता की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed