पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
फ्री ई-पेपर
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 30 June: US-Iran Conflict, Russia-Ukraine War, Myanmar, World News in Hindi

World: आंग सान सू के बेटे ने मांगा मां के जिंदा होने का सबूत; जर्मनी में गोलीबारी से पांच की मौत, दो गिरफ्तार

Tue, 30 Jun 2026 08:56 AM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Tue, 30 Jun 2026 08:56 AM IST
विज्ञापन
World Updates Of 30 June: US-Iran Conflict, Russia-Ukraine War, Myanmar, World News in Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
म्यांमार की जेल में बंद लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की के बेटे किम एरिस ने जुंटा सरकार से उनकी मां के जीवित होने का ठोस सबूत मांगा है। एरिस को संदेह है कि उनकी 80 वर्षीय मां को घर में नजरबंद रखने के बजाय अब भी जेल में रखा गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास स्थानांतरण का कोई सबूत नहीं है। वे तख्तापलट के बाद से हिरासत में हैं। उनके बेटे ने उनकी रिहाई के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव की मांग की है। 
विज्ञापन


जर्मनी में गोलीबारी से 5 लोगों की मौत, दो संदिग्ध गिरफ्तार
उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को हुई गोलीबारी की एक दुखद घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। समाचार  डीपीए के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी का खुलासा नहीं हो पाया है। करीब 50,000 की आबादी वाला स्टेड शहर हैम्बर्ग के पश्चिम में स्थित है। पुलिस केस की जांच में जुटी है ताकि सच सामने आ सके। 
विज्ञापन

 

ड्रग्स तस्करी के आरोप में थाई एयरलाइन का कर्मी गिरफ्तार
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने मेलबर्न हवाई अड्डे पर एक थाई एयरलाइन कर्मचारी को एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। 26 वर्षीय महिला बृहस्पतिवार को एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान के दौरान ड्यूटी पर थी। सामान की जांच के दौरान बैग की अस्तर में छिपाकर रखा गया सफेद पाउडर बरामद हुआ। शुरुआती जांच में इसके हेरोइन होने की पुष्टि हुई है। जब्त ड्रग्स की बाजार कीमत करीब 5 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर आंकी गई है। 

 

लापता विमान के लिए खोजी अभियान 2027 तक रहेगा जारी
मलयेशिया ने 12 साल पहले लापता हुए मलयेशिया एयरलाइंस के विमान  की तलाश के लिए समुद्री रोबोटिक्स कंपनी ओशन इन्फिनिटी के साथ अपने अनुबंध को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। परिवहन मंत्री एंथनी लोक ने बताया कि यह समझौता नो-फाइंड, नो-फी के आधार पर 30 जून 2027 तक प्रभावी रहेगा। कंपनी को विमान का मलबा मिलने पर ही 7 करोड़ डॉलर का भुगतान किया जाएगा यह अभियान नवंबर से अप्रैल के बीच शुरू होने की उम्मीद है। 

 
विज्ञापन

बाइडन का ट्रंप पर निशाना  कहा- लूजर, शान-शौकत को देते हैं ज्यादा अहमियत
अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने उत्तराधिकारी और मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक लूजर (असफल) व्यक्ति कहते हुए फिर से जुबानी हमला किया है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, प्रक्रियाओं में विफलता और राष्ट्रीय कामकाज से ज्यादा अपनी निजी शान-शौकत को अहमियत देने का आरोप लगाया।  हेनोवर में मेरीलैंड डेमोक्रेटिक पार्टी के एक फंडरेजिंग कार्यक्रम में बाइडन ने वाशिंगटन में जारी कई निर्माण व नवीनीकरण प्रोजेक्टों की निंदा भी की। उन्होंने वाशिंगटन डीसी में संरचनात्मक बदलावों पर निशाना साधा। उन्होंने व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग में बदलाव, ट्रायम्फल आर्च (विजय स्मारक) के प्रस्तावित ढांचे और लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के बड़े पैमाने पर किए गए बदलावों की साफतौर पर निंदा की। 

 

ट्रंप को सुप्रीम झटका...यौन शोषण मामले में कैरोल को देने होंगे 5 मिलियन डॉलर
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने लेखिका ई. जीन कैरोल द्वारा दायर यौन शोषण और मानहानि के मामले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील को खारिज कर दिया है। कोर्ट के इस निर्णय के बाद, ट्रंप को कैरोल को 5 मिलियन डॉलर (लगभग 41.5 करोड़ रुपये) का हर्जाना देने के फैसले को बरकरार रखा गया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने बिना कोई स्पष्टीकरण दिए ट्रंप की उस याचिका को सुनने से इनकार कर दिया, जिसमें उन्होंने जूरी के उस फैसले को पलटने की मांग की थी, जिसने उन्हें यौन शोषण और मानहानि का दोषी पाया था। 2023 में एक जूरी ने फैसला सुनाया था कि ट्रंप ने 1990 के दशक में लेखक ई. जीन कैरोल का यौन उत्पीड़न किया और 2022 में उनके आरोपों से इनकार करके उनको झूठा भी साबित किया। जब कैरोल ने ट्रंप पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, उस समय वह एक मैगजीन के लिए लिख रही थीं, 2019 में अपनी किताब के जरिये यह बात सामने आई। 

 

सिंगापुर: वर्कर्स पार्टी ने भारतवंशी प्रीतम को निर्विरोध महासचिव चुना
सिंगापुर की वर्कर्स पार्टी ने भारतवंशी प्रीतम सिंह को एक बार फिर अपना महासचिव चुन लिया है। यह फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब विपक्ष के नेता प्रीतम सिंह कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें साथी सांसद से जुड़े मामले में संसद में झूठ बोलने का दोषी ठहराया जा चुका है। सिंह (50) को पार्टी सदस्यों ने निर्विरोध महासचिव चुना।  वर्कर्स पार्टी सिंगापुर के सबसे छोटे विपक्षी समूहों में से एक है। 

 

ऑस्ट्रेलिया: बच्चों के सोशल मीडिया खाते रोकने में नाकामी पर दोगुना जुर्माना
दुनिया में ऑस्ट्रेलिया ऐसा पहला देश रहा जिसने दिसंबर 2025 में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पाबंदी लगाते हुए कंपनियों पर सख्ती बरती, लेकिन कंपनियां इसे पूरी तरह नहीं मान रही हैं। इसे लेकर ऑस्ट्रेलिया सरकार बच्चों को खाता बनाने से रोकने में नाकाम रहने के चलते फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर संभावित जुर्माने को दोगुना करने की योजना बना रही है।
आलोचकों का कहना है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर लगाया गया दुनिया का पहला प्रतिबंध कारगर नहीं है। संचार मंत्री अनिका वेल्स ने सोमवार को कहा, इन आयु-सीमा नियमों का सोशल मीडिया कंपनियों द्वारा पर्याप्त पालन नहीं किए जाने के कारण कानून को और सख्त बनाने की जरूरत पड़ी है। यह कानून 10 दिसंबर से लागू हुआ था। ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) से वेल्स ने कहा, हम सभी चाहते हैं कि यह व्यवस्था बेहतर तरीके से काम करे, लेकिन बड़ी कंपनियां इसे गंभीरता से नहीं ले रही हैं। सरकार अब यह जुर्माना बढ़ाकर 6.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर करने जा रही है। 

ई-सेफ्टी आयुक्त को मिलेंगे अधिक अधिकार
ऑस्ट्रेलिया सरकार इस सप्ताह संसद में एक मसौदा विधेयक पेश करने जा रही है। सरकार के अनुसार, प्रस्तावित संशोधनों के तहत ई-सेफ्टी आयुक्त जूली इनमैन ग्रांट को भी अधिक अधिकार दिए जाएंगे, ताकि वह यह सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया कंपनियों से आवश्यक जानकारी और दस्तावेज मांग सकें कि वे ऑस्ट्रेलियाई कानून का पालन कर रही हैं या नहीं।
 

255 किलो वजन वाले सात वर्षीय बच्चे की मौत, माता-पिता पर हत्या का केस
अमेरिका के मिशिगन में सात वर्षीय कैस्पर ओ'ब्रायन की मौत के मामले में उसके माता-पिता पर हत्या, यातना और बाल उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। बच्चे का वजन 116 किलोग्राम था और पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण हृदय रोग बताया गया, जिसमें मोटापा भी एक प्रमुख वजह था। अभियोजन के अनुसार, माता-पिता ने इलाज नहीं कराया और उसे लगातार अस्वस्थ भोजन दिया। बच्चा बिस्तर पर पड़ा रहता था, उसके शरीर पर गंभीर घाव थे और घर की हालत भी बेहद खराब थी। दंपति न्यायिक हिरासत में है।

एक अरब डॉलर की धोखाधड़ी में चीनी कारोबारी गुओ वेंगुई को 30 साल की जेल
अमेरिका की अदालत ने चीन के निर्वासित अरबपति कारोबारी गुओ वेंगुई को एक अरब डॉलर से अधिक की वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में 30 वर्ष की जेल की सजा सुनाई है। अभियोजन के अनुसार, गुओ ने हजारों निवेशकों को फर्जी निवेश योजनाओं में फंसाकर भारी रकम जुटाई और उससे आलीशान जीवन बिताया। अदालत ने कहा कि उसने लोकतंत्र समर्थकों का भरोसा तोड़ा और अपने कृत्यों की कोई जिम्मेदारी नहीं ली। गुओ ने खुद को निर्दोष बताते हुए मामले को चीन की साजिश करार दिया।
 

नॉर्थ कैरोलिना की जेल में कैदियों का कब्जा, दो सुरक्षाकर्मी बंधक बनाए
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित बर्टी-मार्टिन रीजनल डिटेंशन सेंटर में कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर काबू पाकर जेल के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया। घटना के दौरान दो सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाया गया, जबकि एक भागने में सफल रहा। बाद में बातचीत के जरिए दोनों सुरक्षाकर्मियों और कई कैदियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय, राज्य और संघीय एजेंसियां हालात सामान्य करने में जुटी हैं। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता को कोई तत्काल खतरा नहीं है और जेल परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया गया है।
 

नेपाल भारत-चीन के बीच तटस्थ सेतु बने- पूर्व प्रधानमंत्री भट्टराई
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई ने कहा है कि नेपाल को भारत और चीन के बीच तटस्थ सेतु की भूमिका निभाकर अपनी आर्थिक चुनौतियों को अवसर में बदलना चाहिए। काठमांडू में आयोजित विदेश नीति संवाद में उन्होंने कहा कि एक ही देश पर व्यापारिक निर्भरता नेपाल के विकास में बाधा रही है। उन्होंने दोनों पड़ोसियों के साथ संतुलित संबंध, बेहतर बुनियादी ढांचा और मजबूत वार्ता क्षमता पर जोर दिया। भट्टराई ने यह भी कहा कि सार्क का भविष्य भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार पर निर्भर करेगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed