World: अमेरिका में 2026 के मध्याविधि चुनाव की शुरुआत; खाड़ी देशों में तनाव- CBSE ने रद्द की बोर्ड परीक्षाएं
- टेक्सास में सीनेट की लड़ाई सबसे ज्यादा चर्चित
- नॉर्थ कैरोलिना में रिकॉर्ड खर्च की संभावना
- अर्कांसस में मुकाबला अपेक्षाकृत शांत
पश्चिम एशिया में जारी तनाव को देखते हुए सीबीएसई ने खाड़ी देशों में 5 और 6 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। मंगलवार को सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूदा स्थिति के कारण परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
अमेरिका के फ्लोरिडा में ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के हत्यारे को मृत्युदंड देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 53 वर्षीय बिली लियोन कीर्स को मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार छह बजे से फ्लोरिडा स्टेट जेल में जहर का इंजेक्शन दिया जाएगा। यह मामला 1991 का है। कीर्स ने जांच के दौरान एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की उसी की बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी।
ग्रीस में क्रेते स्थित अमेरिकी नौसेना अड्डे की जासूसी के आरोप में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया संदिग्ध जॉर्जिया का निवासी है। वह तीन फरवरी को जर्मनी से यहां पहुंचा था और सूदा स्थित एक होटल में रह रहा था। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध को खुफिया सूचना के आधार पर एथेंस हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है, जब अमेरिका और इस्राइल का ईरान के साथ युद्ध चल रहा है।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान में जारी हिंसक प्रदर्शनों के कारण अमेरिकी दूतावास ने 6 मार्च तक सभी वीजा अप्वाइंटमेंट रद्द कर दिए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण इस्लामाबाद दूतावास और लाहौर-कराची के वाणिज्य दूतावासों में सभी नियुक्तियां निरस्त की जाती हैं। देशव्यापी प्रदर्शनों में 19 लोगों की जान जा चुकी है।
भारत ने ज्यादा मात्रा में रूसी कच्चा तेल खरीदने में दिलचस्पी दिखाई- नोवाक
रूस ने कहा है कि भारत ने फिर से ज्यादा मात्रा में रूसी कच्चा तेल खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। यह बात रूस के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने मॉस्को में कही। उन्होंने बताया कि अमेरिका और इस्राइल के ईरान पर हमलों के बाद हालात बदल गए हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। यह समुद्री रास्ता दुनिया में तेल की सप्लाई का सबसे अहम मार्ग माना जाता है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की ढुलाई इसी रास्ते से होती है। अगर यहां लंबे समय तक रुकावट रहती है तो भारत, चीन और जापान जैसे देशों पर असर पड़ सकता है और तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। रूसी मीडिया ने यह भी कहा कि मौजूदा तनाव के कारण रूस को एशियाई देशों, खासकर भारत को दिए जा रहे भारी छूट को कम करने का मौका मिल सकता है। वहीं नोवाक ने संकेत दिया कि ऊर्जा संकट बढ़ने पर यूरोपीय संघ भी रूसी तेल और गैस पर अपनी पाबंदियां नरम कर सकता है।
अमेरिका में होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने सीनेट की सुनवाई में मिनियापोलिस में हुई हिंसा के लिए “हिंसक प्रदर्शनकारियों” को जिम्मेदार ठहराया। यह सुनवाई उस घटना के बाद हुई, जिसमें दो प्रदर्शनकारियों की संघीय अधिकारियों की गोली से मौत हो गई थी। ये दोनों अमेरिकी नागरिक थे। डेमोक्रेट नेताओं ने नोएम पर आरोप लगाया कि उन्होंने शुरुआत में मृतकों को हथियारबंद उपद्रवी बताया, जबकि स्थानीय अधिकारियों और वीडियो में अलग तस्वीर सामने आई। सुनवाई के दौरान नोएम ने कहा कि उनके अधिकारी कठिन हालात में काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईसीई अधिकारियों को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने उनसे माफी मांगने को कहा। वहीं ट्रंप प्रशासन ने मिनियापोलिस में चल रहे अभियान को कुछ हद तक कम किया है, लेकिन अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई है।
इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान में अपने सैनिक भेजे और वहां के 80 से ज्यादा गांवों के लोगों को तुरंत इलाका खाली करने की चेतावनी दी। इसके जवाब में ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्ला ने कहा है कि वह इस्राइल के साथ खुली जंग के लिए तैयार है। यह तनाव तब बढ़ा जब हिजबुल्ला ने उत्तरी इस्राइल की ओर रॉकेट और ड्रोन दागे। इसके बाद इस्राइल ने लेबनान में कई हवाई हमले किए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार इन हमलों में 40 लोगों की मौत हुई, जिनमें सात बच्चे भी शामिल हैं। 246 लोग घायल हुए हैं और हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने बताया कि करीब 30,000 विस्थापित लोग अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं, जबकि कई लोग सड़कों और गाड़ियों में रात गुजार रहे हैं। इस्राइली सेना ने कहा कि उसने सीमा के पास रणनीतिक जगहों पर अतिरिक्त सैनिक तैनात किए हैं ताकि सुरक्षा मजबूत की जा सके। वहीं लेबनानी सेना ने कुछ सीमावर्ती ठिकानों से अपने जवानों को हटा लिया है। दक्षिणी लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल ने भी सीमा पार सैनिक गतिविधियां देखी हैं। इस बीच, लेबनान में रह रहे हजारों सीरियाई नागरिक हमलों से बचने के लिए वापस सीरिया लौट रहे हैं। कुल मिलाकर, क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर और अस्थिर बने हुए हैं।
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में एक व्यक्ति को मंगलवार शाम फांसी दे दी गई। 53 साल के बिली लियोन कियरस को 1991 में एक पुलिस अधिकारी की हत्या का दोषी पाया गया था। यह इस साल फ्लोरिडा में दी गई तीसरी फांसी है। 2025 में यहां रिकॉर्ड 19 लोगों को मौत की सजा दी गई थी। कियरस को फ्लोरिडा स्टेट प्रिजन में जहरीले इंजेक्शन के जरिए शाम 6:24 बजे मृत घोषित किया गया। उसने फोर्ट पियर्स के पुलिस अधिकारी डैनी पैरिश की गोली मारकर हत्या की थी। घटना उस समय हुई जब अधिकारी ने कियरस को एकतरफा सड़क पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने के कारण रोका था। जांच के अनुसार, हाथापाई के दौरान कियरस ने अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और 14 गोलियां चलाईं। फांसी से पहले कियरस ने पीड़ित परिवार से माफी मांगी। उसकी अंतिम अपील को अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था। फ्लोरिडा में फांसी की सजा तीन दवाओं के इंजेक्शन से दी जाती है।
पाकिस्तान सेना ने अफगानिस्तान सीमा के पास एक बड़े अभियान में तहरीक-ए-तालिबान अफगानिस्तान (टीटीए) के कमांडर कहरामान को मार गिराया है। यह कार्रवाई तोरखम बॉर्डर के पास की गई, जो खैबर पख्तूनख्वा और अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत के बीच एक अहम सीमा चौकी है। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, कहरामान अपने साथियों के साथ सीमा की ओर बढ़ रहा था, तभी सुरक्षा बलों ने उसे घेर लिया। सेना ने तोपखाने से हमला किया, जिसमें कहरामान और उसके कई साथी मारे गए। बताया जा रहा है कि कहरामान अफगानिस्तान की तरफ तोरखम इलाके का रहने वाला था। इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।