11:03 AM, 04-Mar-2026
IRGC का होर्मुज जलडमरूमध्य पर 'पूर्ण नियंत्रण' का दावा
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बुधवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उनका "पूर्ण नियंत्रण" है, और चेतावनी दी कि तेल और गैस के इस महत्वपूर्ण मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइलों या ड्रोन हमलों का खतरा हो सकता है।
गार्ड्स नौसेना के अधिकारी मोहम्मद अकबरजादेह ने फार्स समाचार एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा कि वर्तमान में होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से इस्लामी गणराज्य की नौसेना के नियंत्रण में है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी नौसेना सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए तैयार है।
10:45 AM, 04-Mar-2026
अमेरिका-इस्राइल-ईरान हमले के बड़े अपेड्ट
- अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने शनिवार से ईरान भर में लगभग 2,000 ठिकानों पर हमले किए हैं और एक पनडुब्बी सहित 17 ईरानी जहाजों को नष्ट कर दिया है।
- ईरान के शहरों में लगातार चौथी रात विस्फोटों का सिलसिला जारी रहा, जिनमें तेहरान भी शामिल है, और आईआरजीसी ने जवाबी हमले जारी रखने का संकल्प लिया है।
- डेमोक्रेटिक सांसदों का कहना है कि ट्रंप के तर्क अपर्याप्त साबित हो रहे हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका राष्ट्रपति के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर सैन्य बल तैनात कर सकता है।
- इस्राइल ने लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं। बालबेक, अरामौन और सादियाथ में आवासीय भवनों पर हुए हमलों में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा, उसने हजमीह में एक होटल पर भी बमबारी की है।
- ईरान ने अपने जवाबी हमले जारी रखे हैं। कुवैत ने एक बच्चे की मौत की सूचना दी है और सऊदी अरब ने दो मिसाइलों और नौ ड्रोन को रोकने की घोषणा की है।
- इराक में पश्चिमी अल-काइम में ईरान समर्थक पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के मुख्यालय पर हमला हुआ। बगदाद हवाई अड्डे के पास एक अमेरिकी सुविधा को ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया।
10:44 AM, 04-Mar-2026
रूस और चीन ने ईरान पर हमलों का विरोध किया
रूस और चीन के विदेश मंत्रियों ने ईरान पर अमेरिका-इस्राइल के हमले की आलोचना की है। बीजिंग के शीर्ष राजनयिक वांग यी ने इस्राइल से तत्काल हमले रोकने का आह्वान किया है। वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को को इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि ईरान परमाणु बम हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
10:19 AM, 04-Mar-2026
बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी केंद्र पर हमला
अल जजीरा अरेबिक की रिपोर्ट के मुताबिक एक ड्रोन ने बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी एंबेसी के लॉजिस्टिक सपोर्ट कैंप को निशाना बनाया है। अधिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है।
09:33 AM, 04-Mar-2026
इस्राइल ने लेबनान से आने वाले रॉकेटों को नष्ट किया
इस्राइली सेना ने पिछले एक घंटे में कहा है कि उन्होंने लेबनानी क्षेत्र से दागे गए कई मिसाइलों की पहचान की है और खुले क्षेत्र में गिरे एक मिसाइल को छोड़कर अधिकांश मिसाइलों को रोक दिया गया है।
09:24 AM, 04-Mar-2026
सऊदी अरब ने अल खर्ज के ऊपर दो मिसाइलों को रोका
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने अल-खारज प्रांत के ऊपर से गुजर रही दो क्रूज मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया है।
08:57 AM, 04-Mar-2026
हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं: ईरान
ईरान के सुप्रीम लीडर रहे खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं। हम बातचीत के लिए तैयार हैं। लेकिन बातचीत सम्मान के साथ होनी चाहिए, ईरान के खिलाफ कुछ हुक्म देने के लिए नहीं। हम अपना बचाव कर रहे हैं। हम अपना हक ढूंढ रहे हैं और कुछ नहीं।
08:55 AM, 04-Mar-2026
लेबनान के बालबेक में आवासीय इमारत को निशाना बनाया
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएए) के अनुसार, बुधवार तड़के पूर्वी लेबनानी शहर बालबेक में एक इस्राइली हवाई हमले में एक चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया गया।
एनएनए ने कहा कि दुश्मन के विमानों ने सुबह बालबेक में एक आवासीय परिसर में चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया। दरअसल, यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां हिजबुल्ला की मजबूत उपस्थिति है। एजेंसी ने कई लोगों के मरने की सूचना है। घटनास्थल से पीड़ितों के शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
08:29 AM, 04-Mar-2026
इस्राइल ने लेबनान के 16 गांवों के लिए जारी किया आदेश
इस्राइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के 16 गांवों और कस्बों के लोगों को जबरन हटाने के नए आदेश जारी किए हैं। इनमें मजदल सेल्म, हौला और शाकरा शामिल हैं। हिजबुल्ला के खिलाफ नियोजित कार्रवाई से पहले इसे तत्काल चेतावनी बताया। नए निर्देश में कहा गया कि आपकी सुरक्षा के लिए, आपको तुरंत अपने घर खाली करने होंगे और खुले क्षेत्रों में जाना होगा। नोटिस में लेबनान-इस्राइल सीमा के पास 16 स्थानों की सूची दी गई है।
08:27 AM, 04-Mar-2026
लेबनान के बालबेक पर इस्राइल हमले में कई लोग मारे गए: रिपोर्ट
लेबनान की NNA सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया है कि पूर्वी लेबनान के बालबेक शहर में एक रिहायशी इमारत पर इस्राइली हवाई हमले में कई लोग मारे गए। एनएनए ने बताया कि बचावकर्मी मलबे के नीचे फंसे परिवारों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।