BYD की इलेक्ट्रिक कारें होने वाली हैं महंगी: 1 जुलाई 2026 से बढ़ेंगे दाम, लेकिन आपके पास है पैसे बचाने का मौका
BYD India Price Hike: बीवाईडी इंडिया ने घोषणा की है कि वह 1 जुलाई 2026 से अपनी इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल रेंज की कीमतों में 1-2% तक बढ़ोतरी करेगी। कंपनी के अनुसार यह फैसला विदेशी मुद्रा उतार-चढ़ाव की वजह से लिया गया है। हालांकि, मई और जून 2026 में बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को पुराने दामों का फायदा मिलेगा, बशर्ते डिलीवरी 31 जुलाई 2026 तक ले ली जाए। कंपनी ने बताया कि बीवाईडी एटो 3 और बीवाईडी सीलायन 7 को भारत में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और ब्लेड बैटरी जैसी तकनीकें इसकी बड़ी खासियत हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आप बीवाईडी की कोई इलेक्ट्रिक कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। बीवाईडी इंडिया ने अपनी इलेक्ट्रिक कारों (पैसेंजर व्हीकल) की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है।
1 जुलाई 2026 से कंपनी की कारों के दाम 1% से 2% तक बढ़ जाएंगे। यह बढ़ोतरी आपके के जरिए चुने गए मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगी। कंपनी के मुताबिक, यह फैसला विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेन एक्सचेंज) में लगातार आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण लिया गया है।
पुराने दाम पर कार खरीदने का मौका
ग्राहकों को इस बढ़ती कीमत से राहत देने के लिए बीवाईडी ने एक खास मौका दिया है। इसके तहत आप अभी भी अपनी पसंदीदा कार पुरानी कीमतों पर ही घर ला सकते हैं। इसके लिए बस आपको अपनी बुकिंग मई या जून 2026 के दौरान करानी होगी और कार की डिलीवरी 31 जुलाई 2026 या उससे पहले लेनी होगी। ध्यान रहे कि 1 जुलाई 2026 के बाद होने वाली सभी बुकिंग्स पर नई और बढ़ी हुई कीमतें ही लागू होंगी। इसलिए बचत करने के लिए यह समय सबसे सही है।
कंपनी का क्या कहना है?
कीमतों में इस बढ़ोतरी पर स्पष्टीकरण देते हुए बीवाईडी इंडिया के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल (EPV) बिजनेस हेड, राजीव चौहान ने बताया कि विदेशी मुद्रा में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण यह फैसला लेना जरूरी हो गया था। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनौतीपूर्ण बाजार के बावजूद कंपनी अपने ग्राहकों को सुरक्षित, एडवांस और प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने इस बात पर भी खुशी जताई कि भारतीय ग्राहकों के बीच प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों का क्रेज बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर बीवाईडी एटो 3 और हाल ही में पेश की गई बीवाईडी सीलायन 7 की जबरदस्त डिमांड के रूप में देखने को मिल रहा है।
बीवाईडी की कारों में क्या है खास?
बीवाईडी ने भारतीय बाजार में अपनी पहचान अपनी बेहतरीन इन-हाउस टेक्नोलॉजी के दम पर बनाई है। कंपनी की कारों में ब्लेड बैटरी, सेल-टू-बॉडी इंटीग्रेशन और 8-इन-1 इलेक्ट्रिक पावरट्रेन जैसी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इन फीचर्स की वजह से न सिर्फ कारों की चार्जिंग रफ्तार तेज होती है। बल्कि ग्राहकों को ज्यादा ड्राइविंग रेंज, केबिन में बेहतर स्पेस और एक शानदार स्मार्ट कनेक्टेड ड्राइविंग एक्सपीरियंस भी मिलता है।
वैश्विक स्तर पर भी बीवाईडी अपनी इनोवेशन यात्रा को जारी रखे हुए है और अब कंपनी सेकंड-जनरेशन ब्लेड बैटरी और एडवांस फ्लैश-चार्जिंग जैसी नेक्स्ट-जनरेशन तकनीक पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य बैटरी की सुरक्षा और चार्जिंग स्पीड को एक नए स्तर पर ले जाना है।
लगातार बढ़ रहा है कंपनी का नेटवर्क
बीवाईडी इंडिया केवल अपनी कारों पर ही नहीं, बल्कि देश भर में अपनी पहुंच मजबूत करने पर भी पूरा जोर दे रही है। मौजूदा समय में कंपनी का नेटवर्क भारत के 40 शहरों में 48 डीलरशिप्स तक फैल चुका है। यहां ग्राहकों को सेल्स से लेकर सर्विस तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल रही हैं।
इसके अलावा, कंपनी अपनी कम्युनिटी को मजबूत करने के लिए 'बीवाईडी पॉइनीर क्लब' का भी विस्तार कर रही है। यह खास प्लेटफॉर्म बीवाईडी ग्राहकों और ईवी प्रेमियों को एक साथ लाता है। यहां ड्राइव इवेंट्स और नॉलेज-शेयरिंग सेशन जैसी गतिविधियों के जरिए एक बेहतर ओनरशिप एक्सपीरियंस और सस्टेनेबल मोबिलिटी को बढ़ावा दिया जाता है।