Recall: फोर्ड का बड़ा फैसला, सीट बेल्ट में खराबी के कारण बुलाईं 4.2 लाख गाड़ियां, जानें क्या है पूरा मामला
Ford vehicle recall 2026: अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड मोटर्स ने एक बड़ी सुरक्षा खामी के चलते अपनी लाखों वाहनों को रिकॉल करने का फैसला लिया है। यह कदम उन संभावित जोखिमों को देखते हुए उठाया गया है जो दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं। जानिए आखिर किन मॉडल्स को बुलाया गया है और इसके पीछे क्या वजह है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Ford Expedition seat belt issue: नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार फोर्ड ने करीब 4.2 लाख वाहनों को रिकॉल किया है। इन गाड़ियों में सीट बेल्ट से जुड़ी तकनीकी खराबी पाई गई है, जो दुर्घटना के समय यात्रियों के गंभीर चोट की वजह बन सकती है। इस रिकॉल में 2018 से 2022 मॉडल वर्ष की कुछ फोर्ड एक्सपेडिशन और लिंकन नेविगेटर एसयूवी शामिल हैं। इन वाहनों में सीट बेल्ट सिस्टम के एक हिस्से में ऐसी खराबी पाई गई है जो सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन सकती है।
Seat Belt Issue Ford: क्या है सीट बेल्ट की समस्या?
NHTSA की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित वाहनों में सीट बेल्ट का रिट्रैक्टर अचानक लॉक हो सकता है। ऐसी स्थिति में सीट बेल्ट न तो सामान्य रूप से बाहर निकल पाती है और न ही वापस अंदर खिंच पाती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि दुर्घटना के समय सीट बेल्ट का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी होता है।
अगर सीट बेल्ट ही अपनी सामान्य स्थिति में काम नहीं करती है तो यात्रियों को चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कुछ मामलों में सीट बेल्ट बहुत तेजी से अंदर खिंच सकती है, जिससे भी चोट लगने की आशंका रहती है।
इससे पहले भी हो चुके हैं रिकॉल
एनएसटीएसए के अनुसार, फोर्ड ने कोई पहली बार रिकॉल नहीं किया है। इसके पहले की ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। जांच के दौरान अधिक वाहनों को संभावित जोखिम के दायरे में पाया गया, जिसके बाद रिकॉल का दायरा बढ़ाया गया।
कंपनी को मिली शिकायतें
फोर्ड के पास इस समस्या से जुड़े दो वारंटी दावों और दो फील्ड रिपोर्ट की जानकारी पहुंची है। इसके अलावा कंपनी को एक ऐसी घटना की भी जानकारी मिली है जिसमें इस समस्या के कारण चोट लगने की बात सामने आई है।
हालांकि कंपनी ने किसी बड़े हादसे की पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रभावित वाहनों को रिकॉल किया जा रहा है।
वाहन मालिकों को क्या करना होगा?
- रिकॉल में शामिल वाहन मालिकों को कंपनी की ओर से डाक के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। सूचना मिलने के बाद ग्राहक अपने नजदीकी फोर्ड या लिंकन डीलरशिप पर वाहन लेकर जा सकते हैं।
- डीलर आगे की दोनों सीटों के सीट बेल्ट रिट्रैक्टर की जांच करेंगे और यदि कोई प्रभावित पार्ट पाया जाता है तो उसे बिना किसी शुल्क के बदल दिया जाएगा।
सहायता के लिए ये नंबर जारी
- हालांकि कंपनी ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। वाहन मालिक फोर्ड कस्टमर सर्विस से 1-866-436-7332 पर संपर्क कर सकते हैं।
- इसके अलावा NHTSA की हेल्पलाइन 1-888-327-4236 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।