Hyundai Creta Summer Edition लॉन्च: कम कीमत में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स, यहां जानें पूरी डिटेल
Hyundai Creta Summer Edition India: ह्यूंदै ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी क्रेटा का नया 'समर एडिशन' लॉन्च कर दिया है। 12.05 लाख रुपये की शुरुआती कीमत वाले इस स्पेशल एडिशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब ग्राहकों को सस्ते और मिड-लेवल वेरिएंट्स में भी डैशकैम, 360-डिग्री कैमरा, और स्मार्ट की जैसे शानदार प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। यानी अब लग्जरी फीचर्स के लिए टॉप मॉडल खरीदने की जरूरत नहीं है। आपके बजट के हिसाब से कौन सा वेरिएंट सबसे बेस्ट रहेगा और उसमें क्या नया मिलेगा आइए जानते हैं।
विस्तार
भारत की सबसे लोकप्रिय एसयूवी में से एक, ह्यूंदै क्रेटा का नया 'समर एडिशन' बाजार में आ गया है। कंपनी ने इस नए एडिशन के जरिए अपनी कार के सस्ते और मिड-लेवल मॉडल्स में भी कई शानदार फीचर्स जोड़ दिए हैं, जो पहले सिर्फ महंगे मॉडल्स में मिलते थे। क्रेटा के इस नए एडिशन में क्या-क्या खास है आइए जानते हैं:
इंजन विकल्प और कीमत
ह्यूंदै क्रेटा का यह नया समर एडिशन बजट और फीचर्स का एक बेहतरीन तालमेल पेश करता है। कीमत की बात करें तो इस स्पेशल एडिशन की एक्स-शोरूम रेंज 12.05 लाख रुपये से शुरू होकर 17.88 लाख रुपये तक जाती है, जो अलग-अलग वेरिएंट्स और फीचर्स पर निर्भर करती है।
परफॉर्मेंस के मोर्चे पर, ह्यूंदै ने इसे 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन के विकल्पों में उतारा है। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि कंपनी ने इस बार 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प नहीं दिया है। ग्राहकों की सुविधा के लिए ह्यूंदै ने अपने अलग-अलग वेरिएंट्स में कई नए और एडवांस फीचर्स जोड़े हैं, ताकि आप अपने बजट और जरूरत के हिसाब से सबसे फिट मॉडल का चुनाव कर सकें।
1. EX समर एडिशन: किफायती दाम में प्रीमियम अनुभव
लाइनअप की शुरुआत इसके एंट्री-लेवल EX समर एडिशन से होती है। इसे ह्यूंदै ने अब पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक बना दिया है। इस वेरिएंट में अब आपको स्मार्ट-की के साथ पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप जैसा प्रीमियम फीचर भी मिलेगा, जो आमतौर पर महंगे मॉडल्स की पहचान रहा है। कीमत की बात करें तो इसके पेट्रोल मैनुअल (MT) वेरिएंट को 12.05 लाख रुपये और डीजल मैनुअल (MT) वेरिएंट को 13.61 लाख रुपये की आकर्षक कीमत पर लॉन्च किया गया है।
2. EX(O) समर एडिशन: स्टाइल और वैल्यू का सही मेल
अगर आप कम बजट में एक ऐसी कार चाहते हैं जो सड़क पर चलते हुए बेहद शानदार और प्रीमियम दिखे तो EX(O) समर एडिशन आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। ह्यूंदै ने इस वेरिएंट को कई बाहरी और सुविधाजनक अपडेट्स से लैस किया है। इनमें क्वाड-बीम एलईडी हेडलैंप, आकर्षक एलईडी टेललैंप, DRLs और 16-इंच के स्टाइलिश व्हील्स शामिल हैं। सुरक्षा और आराम को बढ़ाते हुए इसमें रियर कैमरा और धूप से बचाव के लिए रियर सनशेड जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। यह वेरिएंट न केवल फीचर्स बल्कि इंजन के मामले में भी काफी वर्सेटाइल है, जहां आपको पेट्रोल (मैनुअल और iVT) के साथ-साथ डीजल (मैनुअल और ऑटोमैटिक) गियरबॉक्स के तमाम विकल्प मिल जाते हैं।
3. S(O) और S(O) नाइट समर एडिशन: सेफ्टी पर बढ़ा भरोसा
मिड-लेवल वेरिएंट्स की बात करें तो ह्यूंदै ने S(O) और इसके स्पोर्टी अवतार S(O) नाइट समर एडिशन में सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। इन वेरिएंट्स में अब कंपनी ने इन-बिल्ट डैश कैमरा दे दिया है, जो सफर के दौरान सुरक्षा की एक एक्स्ट्रा लेयर जोड़ता है। कीमतों पर नजर डालें तो S(O) वेरिएंट की रेंज 14.19 लाख से 17.25 लाख रुपये के बीच रखी गई है। वहीं, जो लोग पूरी तरह ब्लैक थीम वाली कार पसंद करते हैं, उनके लिए उपलब्ध 'नाइट एडिशन' की कीमत 14.30 लाख से 15.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच तय की गई है।
4. SX समर एडिशन: हाई-टेक फीचर्स से लैस
मिड-सेगमेंट में थोड़ा और ऊपर बढ़ें तो SX समर एडिशन ग्राहकों को एक हाई-टेक केबिन का अनुभव देता है। इस वेरिएंट की सबसे बड़ी खूबी इसका नया 10.25-इंच का बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जो कार के इंटीरियर को काफी मॉडर्न लुक देता है। इसके साथ ही, सुरक्षा के लिए इसमें भी डैशकैम को शामिल किया गया है। अगर आप इस वेरिएंट का पेट्रोल मैनुअल मॉडल चुनते हैं तो इसकी कीमत 15.03 लाख रुपये रखी गई है।
5. SX प्रीमियम समर एडिशन: लग्जरी और सेफ्टी का टॉप कॉम्बिनेशन
जो ग्राहक बेहतरीन फीचर्स और लग्जरी से कोई समझौता नहीं करना चाहते, उनके लिए SX प्रीमियम समर एडिशन को पेश किया गया है। ह्यूंदै ने इस टॉप मॉडल में वो एडवांस फीचर्स दिए हैं, जो पहले केवल कार के सबसे महंगे ट्रिम्स में ही मिलते थे। अब आपको इसमें सुरक्षा के लिए 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड-स्पॉट व्यू मॉनिटर, सराउंड व्यू मॉनिटर और फ्रंट पार्किंग सेंसर्स के साथ 10.25-इंच का बड़ा डिजिटल क्लस्टर भी मिलेगा।
इसके अलावा, कार के पुराने लोकप्रिय लग्जरी फीचर्स जैसे कि ठंडी हवा देने वाली वेंटिलेटेड सीट्स, Bose का दमदार 8-स्पीकर साउंड सिस्टम और 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम पहले की तरह ही बरकरार रखे गए हैं। इंजन और गियरबॉक्स के चुनाव के आधार पर इस टॉप-एंड वेरिएंट की कीमत 16.33 लाख रुपये से 17.88 लाख रुपये के बीच रखी गई है।