भारत में पेश हुई नई Volkswagen Taigun Facelift: शानदार लुक, नए फीचर्स और गजब की सेफ्टी, जानिए क्या-क्या बदला?
Volkswagen Taigun Facelift India: फॉक्सवैगन ने भारत में अपनी लोकप्रिय एसयूवी Taigun का नया और अपडेटेड अवतार पेश कर दिया है। नई टाइगुन अब पहले से कहीं ज्यादा स्टाइलिश और एडवांस हो गई है। इसमें इल्यूमिनेटेड लोगो और पैनोरमिक सनरूफ जैसे धांसू फीचर्स से लेकर 5-स्टार सेफ्टी और नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स तक, कई बड़े बदलाव किए गए हैं। लुक, फीचर्स और इंजन के मामले में यह नई एसयूवी कितनी दमदार हुई है और इसमें आपको क्या-क्या नया मिलने वाले हैं, आइए जानते हैं।
विस्तार
फॉक्सवैगन ने लंबे इंतजार के बाद भारत में अपनी लोकप्रिय एसयूवी टाइगुन का नया अपडेटेड मॉडल पेश कर दिया है। फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस नए अवतार में लुक से लेकर फीचर्स और इंजन तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं। अगर आप एक नई एसयूवी लेने का प्लान कर रहे हैं तो समझते हैं कि नई टाइगुन में क्या-क्या नया है।
लुक और डिजाइन में क्या बदला?
लुक और डिजाइन की बात करें तो नई टाइगुन पहले से कहीं ज्यादा बोल्ड और स्टाइलिश हो गई है। इसके एक्सटीरियर में कई शानदार बदलाव किए गए हैं, जैसे आगे की तरफ अब आपको एक नई ग्रिल के साथ कनेक्टेड LED DRL (डे-टाइम रनिंग लाइट्स) देखने को मिलेंगी। इसके अलावा, कार के फ्रंट और रियर दोनों तरफ फॉक्सवैगन का नया 'इल्यूमिनेटेड' यानी रोशनी वाला लोगो दिया गया है, जो रात के समय बेहद खूबसूरत लगता है। इसके साइड प्रोफाइल को और भी स्पोर्टी बनाने के लिए इसमें ग्लॉसी फिनिश वाले नए ब्लैक-आउट अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं। वहीं, कार के पीछे के हिस्से को कनेक्टेड LED लाइट बार के साथ और आकर्षक बनाया गया है। इन सबके साथ ही, सिक्वेंशल टर्न इंडिकेटर्स और कार स्टार्ट या बंद करने पर दिखने वाला वेलकम और गुडबाय टेल-लैंप एनिमेशन इसे एक पूरी तरह से प्रीमियम फील देता है।
इंटीरियर और धांसू फीचर्स
इंटीरियर और फीचर्स के मामले में भी कंपनी ने कार के केबिन को पहले से काफी ज्यादा आधुनिक बना दिया है। कार के भीतर कदम रखते ही आपको एक नया डुअल-टोन डैशबोर्ड लेआउट देखने को मिलता है, जो केबिन को प्रीमियम अहसास देता है। वहीं ग्राहकों की पसंद का ख्याल रखते हुए सीटों के लिए फैब्रिक और लेदरेट के कुल 6-6 विकल्पों की लंबी रेंज दी गई है।
टेक्नोलॉजी की बात करें तो इसमें 10.1 इंच का नया टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो न केवल 15 अलग-अलग एप्स को सपोर्ट करता है बल्कि वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले की सुविधा से भी लैस है। साथ ही, ड्राइवर के लिए 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर लगाया गया है, जिसमें अब टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन यानी रास्ता भी सीधे स्क्रीन पर दिखाई देगा। आराम और लग्जरी को बढ़ाने के लिए इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग, वेंटिलेटेड और पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, एल्युमीनियम पैडल, रेड एम्बिएंट लाइटिंग और टच-बेस्ड क्लाइमेट कंट्रोल जैसे धांसू फीचर्स शामिल किए गए हैं।
सेफ्टी में नो-कॉम्प्रोमाइज
सेफ्टी की बात करें तो फॉक्सवैगन ने इस मामले में कोई समझौता नहीं किया है और अपनी भरोसेमंद छवि को बरकरार रखा है। इस एसयूवी की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में पहले ही 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए इसमें 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इनमें आगे और पीछे के पार्किंग सेंसर, हिल-होल्ड असिस्ट, ट्रैक्शन कंट्रोल, ABS के साथ EBD और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) जैसे जरूरी सिस्टम शामिल हैं। इस बार एक बड़ा मैकेनिकल अपडेट यह भी है कि इसके 1.5-लीटर इंजन वाले वैरिएंट्स के पीछे वाले पहियों में भी अब डिस्क ब्रेक दे दिए गए हैं। इससे तेज रफ्तार में भी कार की ब्रेकिंग और कंट्रोल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और सटीक हो जाएगी।
इंजन और नया गियरबॉक्स
इंजन और परफॉरमेंस के मोर्चे पर कंपनी ने अपने भरोसेमंद इंजन विकल्पों को बरकरार रखा है, लेकिन गियरबॉक्स के मामले में एक बहुत बड़ा और दिलचस्प बदलाव किया गया है। कार के 1.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ, जो 115 hp की पावर और 178 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। अब ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल के साथ-साथ एक नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स चुनने का विकल्प भी मिलेगा। वहीं, इसका दूसरा और ज्यादा पावरफुल 1.5-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन, जो 150 hp की पावर और 250 Nm का टॉर्क पैदा करता है। पहले की तरह ही अपने बेहतरीन 7-स्पीड DCT (डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन) के साथ आता रहेगा। ये ड्राइविंग के शौकीनों को रफ्तार और स्मूथ शिफ्टिंग का जबरदस्त अनुभव मुहैया कराएगा।
किससे होगा मुकाबला?
भले ही कंपनी ने अभी इसकी कीमतों की घोषणा नहीं की है, लेकिन लॉन्च होने के बाद बाजार में इसकी सीधी टक्कर ह्यूंदै क्रेटा, किआ सेल्टोस, स्कोडा कुशाक और मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा जैसी एसयूवी से होगी।