FY26: अप्रैल में ह्यूंदै और किआ का शानदार प्रदर्शन! वित्त वर्ष की शुरुआत में ही टूटे बिक्री के सारे रिकॉर्ड
April 2026 Car Sales: नए वित्त वर्ष की शुरुआत कार बाजार के लिए बेहद शानदार रही है। ह्यूंदै मोटर इंडिया लिमिटेड और किआ इंडिया ने अप्रैल 2026 में भारत में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है। ह्यूंदै ने 51,902 यूनिट्स बेचकर 17% की ग्रोथ हासिल की, जबकि किआ ने 27,286 यूनिट्स के साथ 16% बढ़ोतरी दर्ज की। 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग वाली 'ह्यूंदै वेन्यू' और 'किआ सेल्टोस' की भारी डिमांड ने इन कंपनियों की सेल्स में बड़ा उछाल ला दिया है।
विस्तार
नए वित्त वर्ष की शुरुआत कार कंपनियों के लिए बेहद शानदार रही है। अप्रैल 2026 में दक्षिण कोरियाई कार निर्माता कंपनियों- ह्यूंदै और किआ ने भारत में अप्रैल के महीने में बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है। आइए जानते हैं इन दोनों कंपनियों का प्रदर्शन कैसा रहा:
ह्यूंदै का शानदार प्रदर्शन
ह्यूंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अप्रैल 2026 में घरेलू बाजार यानी भारत के अंदर 51,902 यूनिट्स बेची हैं। यह पिछले साल के मुकाबले 17% ज्यादा है और कंपनी के इतिहास में अब तक की सबसे अच्छी 'अप्रैल सेल्स' है। इसके साथ ही कंपनी ने 13,708 गाड़ियां निर्यात भी की हैं।
बिक्री बढ़ने के मुख्य कारण:
ह्यूंदै की इस शानदार बिक्री के पीछे मुख्य वजह इसके अपडेटेड पोर्टफोलियो और सुरक्षा मानकों के प्रति बढ़ता भरोसा रहा है। विशेष रूप से ह्यूंदै वेन्यू का इसमें बड़ा योगदान रहा, जिसे हाल ही में 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग मिली है। सुरक्षा के इस भरोसे ने ग्राहकों को इतना आकर्षित किया कि अप्रैल में इसकी रिकॉर्ड 12,420 यूनिट्स बिकीं, जो इस मॉडल की अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री है।
इसके साथ ही, कंपनी के जरिए हाल ही में पेश किए गए नए अपडेट्स और स्पेशल एडिशंस ने भी बाजार में अच्छी पकड़ बनाई। EXTER, VERNA, IONIQ 5 के साथ-साथ CRETA समर एडिशन, Grand i10 NIOS वाइब एडिशन और VENUE नाइट एडिशन जैसे मॉडल्स को ग्राहकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिससे कंपनी की कुल बिक्री को काफी मजबूती मिली।
क्या कहती है कंपनी?
ह्यूंदै मोटर इंडिया के एमडी और सीईओ, तरुण गर्ग ने कहा, "हमने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत बहुत ही मजबूती के साथ की है। 51,902 यूनिट्स की घरेलू बिक्री के साथ हमने अप्रैल का अपना सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। हम आगे भी ग्राहकों को बेहतरीन इनोवेशन और सेफ्टी वाली कारें देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
किआ ने भी गाड़े झंडे
किआ इंडिया ने भी इस अप्रैल में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कंपनी ने कुल 27,286 यूनिट्स की थोक बिक्री दर्ज की है, जो अप्रैल 2025 (23,623 यूनिट्स) के मुकाबले 16% ज्यादा है। अगर इस साल की शुरुआत से अब तक के आंकड़े देखें तो किआ ने 1,11,611 गाड़ियां बेची हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 13% ज्यादा है।
किआ की सफलता के पीछे की वजह
किआ की इस रिकॉर्ड सफलता का श्रेय उसके पावरफुल लाइनअप और ग्राहकों के बीच लोकप्रिय मॉडल्स को जाता है। कंपनी की बिक्री को रफ्तार देने में नई किआ सेल्टोस की सबसे अहम भूमिका रही है, जिसने मार्केट में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।
इसके साथ ही, Sonet, Carens और Clavis जैसे मॉडल्स ने भी अपने-अपने सेगमेंट में ग्राहकों की पहली पसंद बनकर कंपनी की मौजूदगी को और अधिक प्रभावशाली बनाया है। इन मॉडल्स में समय-समय पर किए गए अपडेट्स और बेहतरीन फीचर्स की वजह से ही कंपनी इस साल अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज करने में कामयाब रही है।
कंपनी का क्या कहना है?
किआ इंडिया के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड, अतुल सूद ने बताया, "हमारा यह रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन पिछले कई महीनों से चल रही लगातार ग्रोथ का नतीजा है। नई किआ सेल्टोस, सोनेट, कैरेंस और क्लैविस ने बाज़ार में हमारी पकड़ को और भी मजबूत किया है।"
