Norton Manx R: भारत में जल्द लॉन्च होगी TVS की यह सुपरबाइक, Ducati और BMW से होगा मुकाबला
Norton Manx R India: ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड नॉर्टन मोटरसाइकिल्स जल्द ही भारत में अपनी फ्लैगशिप सुपरबाइक Norton Manx R लॉन्च करने जा रही है। कंपनी के मालिक टीवीएस मोटर ने इसकी पुष्टि की है। Manx R में 1,200cc का V4 इंजन मिलेगा, जो 206 bhp की पावर और 130 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसकी कीमत भारत में लगभग ₹26 लाख के आसपास हो सकती है और यह Ducati Panigale V4 और BMW S 1000 RR जैसी सुपरबाइक्स को टक्कर देगी। बाइक में IMU-बेस्ड ट्रैक्शन कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS और मल्टीपल राइड मोड्स जैसे एडवांस फीचर्स मिलेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, नॉर्टन का भारत में ब्रांड लॉन्च भी इसी सुपरबाइक के साथ किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
TVS मोटर कंपनी के स्वामित्व वाली मशहूर ब्रिटिश मोटरसाइकिल कंपनी नॉर्टन मोटरसाइकिल्स जल्द ही भारत में अपनी फ्लैगशिप सुपरबाइक Norton Manx R को उतारने की तैयारी में है। स्पेन में इस शानदार बाइक की राइडिंग के दौरान TVS के अधिकारियों ने भारत में इसके लॉन्च की पुष्टि की है। हालांकि, अभी लॉन्च की कोई पक्की तारीख नहीं बताई गई है। आइए जानते हैं इस सुपरबाइक की कुछ खास बातें:
कितनी हो सकती है कीमत?
हालांकि भारत में इस सुपरबाइक की कीमत का खुलासा इसके ऑफिशियल लॉन्च के समय ही किया जाएगा। लेकिन यूके (UK) के बाजार में इसकी शुरुआती कीमत 20,250 पाउंड यानी करीब 26 लाख रुपये रखी गई है। भारतीय बाजार में Norton Manx R का सीधा मुकाबला Ducati Panigale V4 और BMW S 1000 RR जैसी पहले से मौजूद दमदार बाइक्स से होगा।
ऐसे में माना जा रहा है कि इन प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देने के लिए कंपनी भारत में इसकी कीमत को काफी आक्रामक रख सकती है, जिससे यह अपने मुकाबले की बाइक्स से थोड़ी किफायती साबित हो।
भारत में बना दमदार V4 इंजन
इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका इंजन है, जिसमें 1,200 cc का नया 72-डिग्री V4 इंजन दिया गया है। यह पावरफुल इंजन 11,500 rpm पर 206 bhp की बेतहाशा पावर और 9,000 rpm पर 130 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। भारत के लिए सबसे गर्व की बात यह है कि इस दमदार V4 इंजन को देश में ही TVS के होसुर (तमिलनाडु) स्थित प्लांट में बनाया जाता है।
इसे भारत में बने अब तक के सबसे बेहतरीन और एडवांस मोटरसाइकिल इंजनों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, इस इंजन के कुछ खास पार्ट्स को बाहर से आयात किया जाता है और बाइक को पूरी तरह तैयार करने के लिए इसकी फाइनल असेंबली यूके (UK) के सोलिहुल प्लांट में होती है।
आधुनिक और सेफ्टी फीचर्स
Norton Manx R को चलाते समय राइडर को बेहतरीन कंट्रोल और सुरक्षा देने के लिए इसमें कई शानदार इलेक्ट्रॉनिक्स दिए गए हैं। बाइक में कुल 5 राइडिंग मोड्स मिलते हैं, जिनमें 3 नॉर्मल और 2 खास ट्रैक मोड्स शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एडवांस 6-एक्सिस IMU सिस्टम दिया गया है, जो ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और रियर-व्हील स्लाइड कंट्रोल को बखूबी संभालता है। इसके अलावा, कॉर्नरिंग ABS, कॉर्नरिंग क्रूज़ कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल और हिल होल्ड कंट्रोल जैसी आधुनिक ब्रेकिंग और असिस्ट सुविधाएं इसे ट्रैक और सड़क दोनों के लिए एक परफेक्ट सुपरबाइक बनाती हैं।
भारत में नॉर्टन का क्या है प्लान?
भारत में नॉर्टन ब्रांड की आधिकारिक शुरुआत इसी 'Manx R' सुपरबाइक की लॉन्चिंग के साथ होने की उम्मीद है। इसके लिए कंपनी एक खास 'टॉप-डाउन' रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत सबसे पहले भारतीय बाजार में इस बेहद महंगी और प्रीमियम सुपरबाइक को उतारा जाएगा।
इसके बाद कंपनी मिड-रेंज सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Norton Atlas को लॉन्च करेगी। इतना ही नहीं, भविष्य में कंपनी भारत जैसे बड़े और हाई-वॉल्यूम बाजारों को ध्यान में रखते हुए कम बजट वाली यानी एंट्री-लेवल मॉडर्न-क्लासिक बाइक्स भी पेश कर सकती है। इनकी लोकप्रियता देश और दुनिया में लगातार बढ़ रही है।