रेनो ब्रिजर: पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों विकल्पों के साथ आ सकती है Renault की नई SUV, पेटेंट इमेज आई सामने
Renault Bridger Patent: रेनो इंडिया अपनी नई लाइफस्टाइल एसयूवी Renault Bridger को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। अब इस एसयूवी का डिजाइन भारत में पेटेंट कराया गया है, जिससे इसके प्रोडक्शन मॉडल के करीब होने के संकेत मिलते हैं। ब्रिजर का डिजाइन कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही बॉक्सी और रग्ड रखा गया है। इसमें LED DRLs, साइड-हिंग्ड टेलगेट और टेलगेट-माउंटेड स्पेयर व्हील जैसे एलिमेंट्स मिलते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एसयूवी रेनो के RGMP प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें AWD सिस्टम के साथ नया 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है। पेटेंट में दो फ्यूल फिलर कैप्स भी दिखे हैं, जिससे ICE और EV दोनों वर्जन आने की संभावना बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेनो इंडिया भारतीय बाजार में अपनी पैठ गहरी करने के लिए एक बड़ी रणनीति पर काम कर रही है। कंपनी ने हाल ही में अपने भविष्य के रोडमैप का खुलासा करते हुए दो नए प्लेटफॉर्म्स- RGEP और RGMP को पेश किया। ये रेनो के आगामी पोर्टफोलियो की नींव रखेंगे। इसी सिलसिले में अब एक बड़ी जानकारी सामने आई है कि रेनो की बहुप्रतीक्षित ब्रिजर (Renault Bridger) एसयूवी का डिजाइन भारत में पेटेंट कर लिया गया है।
यह आगामी मॉडल एक सब-4 मीटर लाइफस्टाइल एसयूवी होगी। इसे विशेष रूप से भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। बाजार में उतरने के बाद, इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी जिम्नी और महिंद्रा की आने वाली विजन एस (Vision S) जैसी लोकप्रिय गाड़ियों से होगा। हाल ही में लीक हुए डिजाइन पेटेंट ने इस एसयूवी के लुक्स और फीचर्स पर से काफी हद तक पर्दा उठा दिया है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि रेनो इस सेगमेंट में एक मजबूत दावेदारी पेश करने की तैयारी में है।
कैसा है Renault Bridger का डिजाइन?
लीक हुए पेटेंट से यह साफ हो गया है कि रेनो ब्रिजर का प्रोडक्शन वर्जन काफी हद तक इसके कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही होगा। इस एसयूवी का डिजाइन इसे एक पारंपरिक और बोल्ड एसयूवी वाला लुक देता है। फ्रंट की बात करें तो इसमें आकर्षक LED DRL सिग्नेचर के साथ एक फ्लैट फ्रंट प्रोफाइल दी गई है और बंपर पर लगा बुल-बार स्टाइलिंग एलिमेंट गाड़ी को काफी आक्रामक और मजबूत लुक देता है।
इसके साथ ही, इसमें क्लासिक एसयूवी वाले सभी जरूरी एसीमेंट्स मौजूद हैं। गाड़ी के पिछले हिस्से में टेलगेट पर स्पेयर व्हील (स्टेपनी) को लगाया गया है और इसका दरवाजा साइड की तरफ खुलता है, जो इसे एक दमदार ऑफ-रोडर वाली फील देता है। डिजाइन में कुछ दिलचस्प प्रयोग भी किए गए हैं। जैसे कि पीछे के दरवाजों के हैंडल को पिलर्स पर जगह दी गई है। गौरतलब है कि पेटेंट इमेज में कहीं भी सनरूफ नहीं दिखाई दे रहा है, जो भारत जैसे गर्म जलवायु वाले देश के लिए एक व्यावहारिक और सधा हुआ फैसला माना जा सकता है।
कॉन्सेप्ट मॉडल से कितनी होगी अलग?
पेटेंट की गई तस्वीरों से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि यह रेनो ब्रिजर का प्रोडक्शन-रेडी वर्जन हो सकता है। क्योंकि कॉन्सेप्ट मॉडल की तुलना में इसमें कुछ बारीक लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव इसके बोनट में देखा जा सकता है। कॉन्सेप्ट मॉडल में मौजूद क्लैमशेल बोनट को हटाकर अब एक सरल डिजाइन और साफ शट-लाइन्स वाला नया बोनट दिया गया है, जो इसे और अधिक व्यावहारिक बनाता है।
इस पेटेंट का सबसे दिलचस्प पहलू इसके दो फ्यूल फिलर कैप (ढक्कन) हैं। यह संकेत देता है कि रेनो संभवतः एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए इसके पेट्रोल (ICE) और इलेक्ट्रिक (ईवी) दोनों वर्जन्स को तैयार कर रही है। इसके अलावा, प्रोडक्शन-स्पेक के अनुरूप इसमें अलॉय व्हील्स का डिजाइन बदला गया है और रियर बंपर में भी मामूली सुधार किए गए हैं। साथ ही, कॉन्सेप्ट में दिखने वाली 'Illuminated RENAULT' (चमकने वाली ब्रांडिंग) को हटा दिया गया है। इसकी जगह भविष्य में 'BRIDGER' की नेमप्लेट देखने को मिल सकती है।
कितना दमदार होगा इंजन?
रेनो ब्रिजर को कंपनी के नए RGMP प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जा रहा है, जो इसकी मजबूती का मुख्य आधार होगा। गौरतलब है कि इसी आधुनिक प्लेटफॉर्म पर आगामी पीढ़ी की रेनो डस्टर को भी तैयार किया जा रहा है। इससे ब्रिजर के परफॉर्मेंस को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं। ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए इसमें AWD (ऑल-व्हील ड्राइव) का विकल्प मिलने की प्रबल संभावना है, जो इसे ऊबड़-खाबड़ और कठिन रास्तों पर भी शानदार प्रदर्शन करने में मदद करेगा।
इंजन और पावरट्रेन की बात करें तो रेनो इस गाड़ी के साथ अपना नया 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन पेश कर सकती है, जो इसे दमदार पावर और बेहतरीन पिक-अप प्रदान करेगा। वहीं, कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर गौर करें तो फिलहाल मास-मार्केट के लिए प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) लाने का कोई इरादा नहीं है। इसके बजाय, रेनो का पूरा फोकस पारंपरिक पेट्रोल इंजन और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्योर इलेक्ट्रिक (ईवी) वर्जन को बाजार में उतारने पर है।