Bihar: इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, होटल में मुलाकात पड़ी भारी; फिर गांव वालों ने मंदिर में करवा दी दोनों की शादी
सारण में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दो साल पुरानी प्रेम कहानी शादी में बदल गई। होटल में मिलने पहुंचे प्रेमी युगल को परिजनों ने पकड़ लिया। बाद में पंचायत, ग्रामीणों और दोनों परिवारों की सहमति से गढ़देवी मंदिर में विधि-विधान से विवाह कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया जहां कई बार रिश्तों में दूरियां पैदा करने का कारण बनता है, वहीं कई बार दो अनजान लोगों को मिलाने का माध्यम भी बन जाता है। सारण जिले की एक ऐसी ही घटना सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी सामाजिक सहमति के साथ विवाह में बदल गई।
सारण जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर मढ़ौरा अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध गढ़देवी मंदिर में रविवार को एक अनोखी शादी हुई। करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती का विवाह ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की पहल पर पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया गया। यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, डेरनी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी चंदेश्वर महतो के पुत्र रोहित कुमार दीप और सिरसा राय गांव निवासी राजकुमार महतो की पुत्री लाली कुमारी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम में बदल गई और दोनों नियमित रूप से एक-दूसरे के संपर्क में रहने लगे।
रविवार को दोनों गड़खा के एक होटल में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान युवती के गांव के निवासी चंदन चौधरी ने उन्हें देख लिया और इसकी सूचना युवती के परिजनों को दे दी। सूचना मिलते ही युवती के माता-पिता और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद काफी देर तक बातचीत और हंगामे की स्थिति बनी रही।
पढे़ं: पत्नी की हत्या कर 8 साल से फरार पति गिरफ्तार, सीतामढ़ी से दबोचा गया; अवैध संबंध के शक में की थी हत्या
मामले को शांत कराने के लिए गांव के सरपंच सुरेंद्र राय उर्फ टीपन राय समेत अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण आगे आए। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि दोनों बालिग हैं और लंबे समय से प्रेम संबंध में हैं। इसके बाद दोनों परिवारों और ग्रामीणों की सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद प्रेमी युगल को मढ़ौरा स्थित गढ़देवी मंदिर ले जाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
विवाह में युवती के माता-पिता और अन्य परिजन मौजूद रहे। युवक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई थी। शादी संपन्न होने के बाद उपस्थित लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर सरपंच सुरेंद्र राय उर्फ टीपन राय, पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह, चंदन चौधरी, ललन माझी, मोहर माझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।