Bihar News : सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और मैथिली ठाकुर! तस्वीर जोड़ वायरल करने वाला गिरफ्तार
Bihar News : राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए विधानसभा पहुंचीं मैथिली ठाकुर अलग दिखीं, वजह यह रही। सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के साथ उनकी AI जेनरेटेड तस्वीर के कारण दरभंगा में हंगामा मचा है।
विस्तार
दरभंगा जिले के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की AI जेनरेटेड तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक को गया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के शब्दो गांव निवासी विकास कुमार यादव को आपत्तिजनक एआई-जनरेटेड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और अलीनगर की विधायक एवं प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर की आपत्तिजनक तस्वीर बनाकर फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दी थी।
भ्रामक तस्वीर बनाकर अश्लीलता दिखाई, गया से गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एआई टूल की मदद से एक भ्रामक तस्वीर तैयार की, जिसमें निशांत कुमार को विधायक मैथिली ठाकुर के साथ अश्लील हरकत करते दिखाया गया था। यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस की साइबर और तकनीकी सेल सक्रिय हो गई। जांच के बाद गया पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए शनिवार (14 मार्च 2026) को पहाड़पुर स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह आपत्तिजनक तस्वीर बनाई और पोस्ट की थी। फिलहाल फतेहपुर थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
आईटी एक्ट के तहत कड़ा प्रावधान
इस मामले को लेकर दरभंगा की समाजसेवी प्रियंका झा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की अस्मिता के साथ खिलवाड़ करना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। एआई तकनीक का दुरुपयोग कर महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाना बेहद निंदनीय और आपराधिक कृत्य है। प्रियंका ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने से पहले कई बार सोचे। बता दें कि किसी की छवि खराब करने के उद्देश्य से एआई के माध्यम से फर्जी और आपत्तिजनक फोटो बनाना साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और आईटी एक्ट के तहत इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
पढ़ें: 'बिहार में खत्म हो गया कानून का डर', सहरसा में पप्पू यादव का हमला; राज्यसभा चुनाव पर भी बोले
छवि खराब कर ट्रोलिंग करते हैं... रोकें आदत
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में महिलाओं की गरिमा और सम्मान सुरक्षित रह सके। समाजसेवी प्रियंका झा ने कहा कि मुख्यमंत्री के बेटे निशांत को अक्सर लोग ट्रोल कर देते हैं और अब सबसे कम उम्र की विधायक को भी एआई टूल के जरिए निशाना बनाया गया है। यह सोचने वाली बात है कि हमारा समाज किस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.