बिहार: मां के हाथों पिटकर दुनिया से चली गई चार साल की सुहानी, छठ के प्रसादी को जूठा करने की मिली सजा; गिरफ्तार
समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने कथित तौर पर चार वर्षीय बेटी की पिटाई कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूजा का प्रसाद जूठा करने से नाराज मां ने कथित तौर पर अपनी चार वर्षीय बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में बच्ची को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 की है। मृत बच्ची की पहचान राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी उसकी मां रीना कुमारी है।
प्रसाद तैयार कर रही थी मां, बच्ची ने कर दिया जूठा
मिली जानकारी के अनुसार, घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के अन्य सदस्य घाट तैयार करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान बना रही थी। तभी उसकी छोटी बेटी सुहानी ने प्रसाद खाने की जिद की। मां के मना करने के बावजूद बच्ची ने पकवान को जूठा कर दिया।
बताया जाता है कि इसी बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। इसके बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान बच्ची की मां भी साथ थी।
तीन बच्चों में सबसे छोटी थी सुहानी
सुहानी की मौत से पिता राजू पासवान का परिवार सदमे में है। परिवार में कुल तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं। घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पूसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
