Bihar News: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! पत्नी के सिर में दागीं 3 गोलियां, आरोपी पति गिरफ्तार
दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में पत्नी साक्षी भारद्वाज की सिर में तीन गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति शिशिर भारद्वाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल 7.65 एमएम का देसी पिस्टल भी बरामद किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में पत्नी साक्षी भारद्वाज की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 11 जून की रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी पति शिशिर भारद्वाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया 7.65 एमएम का देसी पिस्टल भी बरामद कर लिया है।
आरोपी ने कबूला गुनाह
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। शिशिर ने बताया कि घटना वाले दिन उसका पत्नी साक्षी के साथ विवाद हुआ था। बहस के दौरान उसने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने पिस्टल से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी तीन बार जेल जा चुका है। इस हत्याकांड में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार साक्षी और शिशिर एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों के घरों के बीच लगभग 500 मीटर की दूरी थी। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन बताए जाते हैं। परिवार की इच्छा के खिलाफ दोनों ने प्रेम विवाह किया था। मृतका के पिता नीलेश भारद्वाज ने बताया कि उनका परिवार फरीदाबाद में रहता है। वे इंजीनियर हैं, जबकि साक्षी एक मेकअप आर्टिस्ट थी। साक्षी उनकी इकलौती बेटी थी और पढ़ाई के सिलसिले में दरभंगा आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात शिशिर से हुई और दोनों के बीच करीब छह महीने तक प्रेम संबंध चला।
परिवार ने किया था विरोध
पिता के अनुसार दोनों ने पहले चुपचाप कोर्ट मैरिज कर ली थी। जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो रिश्तेदारी के कारण इसका विरोध किया गया। हालांकि बाद में परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही शिशिर और उसके परिवार की ओर से 20 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो और 10 भर सोने के गहनों की मांग की जा रही थी। इस बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थी साक्षी
परिजनों के अनुसार साक्षी ग्रेजुएशन के बाद डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी। वह गांव के सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती थी और लोगों की मदद किया करती थी। बताया जा रहा है कि वह आगामी पंचायत चुनाव में मुखिया पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थी और उसे स्थानीय लोगों का समर्थन भी मिल रहा था।
पुलिस ने दर्ज की थी प्राथमिकी
सदर डीएसपी-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर कमतौल थाना में कांड संख्या 145/26 दर्ज किया गया था। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।