{"_id":"6a3a4c0da2661e0a10003e12","slug":"samastipur-gravel-and-sand-trader-gun-shot-murder-dead-body-traffic-jam-darbhanga-news-c-1-1-noi1477-4426062-2026-06-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: समस्तीपुर में बालू कारोबारी की हत्या से बवाल, ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर तीन घंटे किया चक्काजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: समस्तीपुर में बालू कारोबारी की हत्या से बवाल, ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर तीन घंटे किया चक्काजाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर
Published by: दरभंगा ब्यूरो
Updated Tue, 23 Jun 2026 04:15 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar News: समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में गिट्टी-बालू कारोबारी सोनू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया और आगजनी की। पुलिस ने आरोपी की पहचान होने का दावा किया है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम किया
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
समस्तीपुर में अपराधियों ने एक और गिट्टी-बालू कारोबारी को गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल कारोबारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान धीरेंद्र प्रसाद सिंह के बेटे सोनू सिंह के रूप में हुई है। घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र की है।
हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण
हत्या के विरोध में मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी भी की, जिससे दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही कर्पूरीग्राम, ताजपुर और मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस को झेलना पड़ा लोगों का गुस्सा
मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोग हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी और उसे फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हुए। करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम खुल सका। प्रदर्शन का नेतृत्व लोजपा (रा.) के जिलाध्यक्ष अनुपम सिंह उर्फ हीरा सिंह कर रहे थे।
दोस्तों के साथ ताश खेल रहे थे सोनू सिंह
कर्पूरीग्राम निवासी सोनू सिंह सोमवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ ताश खेल रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पटना पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम
इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी नर्सिंग होम ले गए, लेकिन वहां से भी पटना रेफर कर दिया गया। देर रात पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
इकलौते बेटे की हत्या से गांव में मातम
ग्रामीण हीरा सिंह ने बताया कि सोनू सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनके दो बच्चे हैं। हत्या का आरोप गांव के ही एक व्यक्ति पर लगाया जा रहा है। दोनों के बीच क्या विवाद था, यह जांच का विषय है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़ें: 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे', CM सम्राट ने ऐसा कह किस बलिदान की दिलाई याद?
आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि गोली मारने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।