Bihar News: पेपर लीक और महंगाई पर कांग्रेस का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
गया में कांग्रेस ने पेपर लीक कांड और बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि लगातार पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेपर लीक कांड और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर गया में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से देश के लाखों छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो प्रधानमंत्री उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। रजनीश कुमार ने कहा कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो जनता यह मानने को मजबूर होगी कि सरकार पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर संवेदनशील नहीं है।
महंगाई से आम जनता परेशान
रजनीश कुमार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है।
"रोको महंगाई, बांधो दाम, नहीं तो होगा चक्का जाम"
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। इस दौरान "रोको महंगाई, बांधो दाम, नहीं तो होगा चक्का जाम" के नारे लगाए गए।
ये भी पढ़ें- RAS Officers Transfer: आरएएस अधिकारियों के तबादले, घूसकांड से घिरे बीज निगम का जिम्मा संभालेंगे गौरव चतुर्वेदी
राहुल गांधी के संघर्ष का किया जिक्र
जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी पेपर लीक और युवाओं के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, उसी तरह कांग्रेस अब महंगाई के मुद्दे पर भी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन में जुगल किशोर सिंह, सैफुल इस्लाम, धर्मेंद्र निराला, मदीना खातून, अजय कुमार सिंह, शौकत नवाब, विद्या शर्मा, ओंकार शक्ति, चंदन कुमार, रंजीत सिंह, अर्जुन गुप्ता, नवीन गुप्ता, सुनैना रानी, अंजनी, नसीम, सुनील पासवान, इंदल पासवान, शिवेंद्र चौधरी, कृष्णा गुप्ता, शिव चौरसिया, ब्रजेश राय, शिवनाथ प्रसाद, राज कपूर गुप्ता, निरु देवी, रिंकू रविदास, सरोज रविदास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।