Bihar: गया पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड का आयोजन, प्रशिक्षण पूरा करने वाले सिपाहियों ने दिखाई दमदार प्रस्तुति
गया पुलिस लाइन में बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने वाले सिपाहियों के लिए दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। प्रशिक्षुओं ने कदमताल, सलामी और परेड का शानदार प्रदर्शन कर अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने परेड की सलामी ली और सभी सिपाहियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया पुलिस लाइन में शनिवार को बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने वाले सिपाहियों के लिए दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। अनुशासन, जोश और आत्मविश्वास से भरे प्रशिक्षुओं ने शानदार परेड का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में उन्हें ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का संकल्प दिलाया गया।
अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन
दीक्षांत परेड समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सिपाहियों ने कदमताल, सलामी और परेड के विभिन्न अभ्यासों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं का अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण साफ नजर आया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों, अभिभावकों और अन्य अतिथियों की खूब सराहना बटोरी।
मुख्य अतिथि ने दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गयाजी विकास वैभव ने परेड की सलामी ली और सभी प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और जनता के भरोसे का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से सत्य, न्याय और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें- RAS Officers Transfer: आरएएस अधिकारियों के तबादले, घूसकांड से घिरे बीज निगम का जिम्मा संभालेंगे गौरव चतुर्वेदी
वरीय पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाही हुए सम्मानित
प्रशिक्षण अवधि के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले सिपाहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी अपने बेटों-बेटियों को वर्दी में देखकर गर्व का अनुभव किया, जिससे पूरा पुलिस लाइन परिसर उत्साह और गौरव के माहौल से भर गया।
नई जिम्मेदारियों के साथ सेवा यात्रा की शुरुआत
समारोह के अंत में वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सभी नवप्रशिक्षित सिपाहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उन्हें कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ निभानी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रशिक्षु अपने आचरण और कार्यशैली से पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।