Bihar News: गया में NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, 12 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
गया में रविवार को होने वाली NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पिछले वर्ष पेपर लीक और धांधली के मामलों को देखते हुए इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया में रविवार को होने वाली NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पिछले वर्ष पेपर लीक और धांधली के मामलों को देखते हुए इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों से लेकर सोशल मीडिया तक निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा के दिन कोचिंग संस्थान और फोटोकॉपी की दुकानें भी बंद रहेंगी।
डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
शनिवार शाम जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जोनल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभ्यर्थियों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिले में बनाए गए 12 परीक्षा केंद्र
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के लिए जिले में कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जगजीवन कॉलेज, गया इंजीनियरिंग कॉलेज खिजरसराय, आईआईएम बोधगया, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के ब्लॉक ए और बी, गया कॉलेज के विभिन्न ब्लॉक, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 और नंबर-2 सहित अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
कोचिंग संस्थान और फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानें भी पूरे दिन बंद रहेंगी। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी रखेगा और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
डीएम ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, मेडिकल सुविधा, वेटिंग एरिया और अभिभावकों के लिए 100 मीटर दूर छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सिविल सर्जन को सभी केंद्रों पर एंबुलेंस, ओआरएस और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने के आदेश दिए गए हैं।
मुफ्त बस सेवा और विशेष परिवहन सुविधा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार NEET परीक्षार्थियों को बीएसआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी को सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
40 से अधिक दंडाधिकारी और कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
परीक्षा के सफल संचालन के लिए 28 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 महिला स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दल दंडाधिकारी और 4 जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम अनिवार्य रूप से चालू रहेंगे। अधिकारियों को सुबह 9 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
ये भी पढ़ें- RAS Officers Transfer: आरएएस अधिकारियों के तबादले, घूसकांड से घिरे बीज निगम का जिम्मा संभालेंगे गौरव चतुर्वेदी
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत होगी कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।