Bihar: खड़े ट्रक से भिड़ा तेज रफ्तार मालवाहक, केबिन में एक घंटे तक फंसा रहा चालक; अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
गया के शेरघाटी में एनएच-19 पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की टक्कर में चालक की मौत हो गई। चालक करीब एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा, जिसे गैस कटर से बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल में दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रक से पीछे आ रहे एक मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में करीब एक घंटे तक फंसा रहा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने गैस कटर की मदद से रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
खड़े ट्रक से जा भिड़ा मालवाहक वाहन
जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर का एक ट्रक एनएच-19 से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खराब होकर खड़े एक अन्य ट्रक से उसकी तेज रफ्तार में टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि आगे खड़े ट्रक का टायर फट गया था, जिसके बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया था। कुछ देर बाद पीछे से आ रहा मालवाहक वाहन उससे जा टकराया।
केबिन में फंसा चालक, चला लंबा रेस्क्यू
टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक के दोनों पैर केबिन में बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और एनएचएआई की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल चालक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एएनएमएमसीएच, गया रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने चालक की मौत की पुष्टि की है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार समाचार लिखे जाने तक मृत चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। उसके पास मिले दस्तावेजों और अन्य सुरागों के आधार पर परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Bihar News : टेंडर घोटाले में जांच का आज बड़ा दिन, दो IAS और रिशुश्री की एक कंपनी निदेशक के घर जांच
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक और पीछे से आ रहे वाहन के समय पर नियंत्रण नहीं कर पाने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है