बिहार के जहानाबाद में विवाद: जमीन के टुकड़े के लिए जंग! लाठी-डंडे व रोड़ेबाजी में 10 घायल; गांव में तनाव
जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई। घटना में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट और रोड़ेबाजी की घटना में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित जमीन की सीओ स्तर से मापी भी कराई गई थी। बताया जाता है कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष की ओर से जमीन की मापी को लेकर सहमति नहीं थी। इसी जमीन को लेकर मंगलवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मंगलवार को पहला पक्ष विवादित जमीन को जोतने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी भी हुई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में पहले पक्ष के अरविंद कुमार, विजय यादव, धनंजय कुमार, दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया। यहां गंभीर रूप से घायल प्रियंका कुमारी और दीपक कुमार की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।
मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष से द्वारिका यादव समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- बिहार: पटना नगर निगम का भ्रष्टाचार खुलेगा! 5798 वाणिज्यिक संस्था-संगठन के लिए नियम बदलेगी सरकार की यह समिति?
घटना की सूचना मिलते ही काको थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मिर्जापुर गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। पुलिस पूरे मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
मिर्जापुर गांव में हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। जमीन विवाद को लेकर दोबारा तनाव न बढ़े, इसके लिए पुलिस की नजर गांव की स्थिति पर बनी हुई है।