Accident News : छह बच्चों को बेकाबू गाड़ी ने रौंदा, घटना के बाद गुस्साई भीड़ का पुलिस पर पथराव; दो बच्चे गंभीर
सुपौल जिले के निर्मली प्रखंड के डगमारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेकाबू स्कॉर्पियो ने छह बच्चों को कुचल दिया। सभी बच्चे भोज समारोह से लौट रहे थे। हादसे में छह बच्चे घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपौल जिले के निर्मली प्रखंड अंतर्गत डगमारा थाना क्षेत्र के कामत चौक के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने एक साथ छह बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छह बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर
घटना में घायल सभी बच्चों को तत्काल स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे एक भोज समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो को रोकने और घेरने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। कुछ दूरी पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो बांध के नीचे लुढ़कते हुए एक पेड़ से टकरा गई। इसके बावजूद वाहन में सवार लोग मौके से फरार होने में सफल रहे।
मद्य निषेध विभाग की गाड़ी पर ग्रामीणों का गुस्सा
घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का पीछा कर रही मद्य निषेध विभाग की डगमारा इकाई की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद लोगों ने डगमारा कामत चौक के पास निर्मली-कुनौली मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस पर पथराव, एएसआई घायल
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान डगमारा थाना में तैनात एएसआई अमरेश कुमार घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि मद्य निषेध विभाग की टीम ने जांच के लिए वाहन को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन चालक तेज गति से भाग निकला और इसी दौरान हादसा हो गया। ग्रामीणों ने मद्य निषेध विभाग की टीम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वाहन का पीछा नहीं किया जाता तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ। डगमारा थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी घायल बच्चों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।