बिहार: डूबने से दो दसवीं के छात्रों की मौत, पोखर से मिला एक का शव; दूसरे की तलाश जारी
सहरसा जिले में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में दसवीं कक्षा के दो छात्रों की मौत हो गई। सिमरी बख्तियारपुर के चमराही पोखर में दोस्तों के साथ नहाने गए 17 वर्षीय प्रिंस कुमार की डूबने से मौत हो गई।
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में दसवीं कक्षा के दो छात्रों की मौत हो गई। सिमरी बख्तियारपुर में दोस्तों के साथ पोखर में नहाने गए 17 वर्षीय छात्र की डूबने से जान चली गई। वहीं, सलखुआ प्रखंड में छठ घाट बनाने के दौरान कोसी नदी में डूबने से करीब 18 वर्षीय एक अन्य छात्र की मौत हो गई। पहली घटना में गोताखोरों ने छात्र का शव बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी घटना में डूबे छात्र का शव अब तक नहीं मिला है। नदी में उसकी तलाश जारी है। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
दोस्तों के साथ पोखर में नहाने गया था प्रिंस, गहरे पानी में डूबा
पहली घटना सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की है। रायपुरा पंचायत के रसूलाबाद वार्ड संख्या-13 निवासी राजा राम साह का 17 वर्षीय बेटा प्रिंस कुमार सोमवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ चमराही पोखर में नहाने गया था। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस दसवीं कक्षा का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
बताया जा रहा है कि पोखर में दोस्तों के साथ तैरने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। जब तक उसके साथ मौजूद दोस्तों को घटना का पता चलता, तब तक वह गहरे पानी में लापता हो चुका था। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गोताखोरों ने पोखर से निकाला शव, परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो सलखुआ प्रखंड से गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद पोखर से प्रिंस का शव बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सिमरी बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष जय शंकर कुमार ने बताया कि पोखर में डूबने से एक किशोर की मौत हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
छठ घाट बनाने के दौरान कोसी नदी में डूबा चंद्रहास
दूसरी घटना सलखुआ प्रखंड के चिरैया थाना क्षेत्र की है। पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर कोसी नदी के करहारा घाट पर छठ महापर्व को लेकर घाट बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान करहारा निवासी गंगलेश यादव का करीब 18 वर्षीय बेटा चंद्रहास कुमार भी घाट निर्माण में जुटा था।
बताया जा रहा है कि चंद्रहास दसवीं कक्षा का छात्र था। काम करने के दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
एनडीआरएफ को दी गई सूचना, नदी में तलाश जारी
घटना के बाद स्थानीय लोग कोसी नदी में चंद्रहास की तलाश में जुट गए। वहीं, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक नदी में खोजबीन अभियान जारी था, लेकिन छात्र का शव नहीं मिल सका था।
इस तरह जिले में हुई डूबने की दो घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों मृतक दसवीं कक्षा के छात्र थे और उनकी असमय मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
