फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   CM Samrat Choudhary Inaugurates Degree College, Model Schools and Harpur Police Station in Munger

Bihar: तारापुर को मिली विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज और मॉडल थाना भवन का किया उद्घाटन

Tue, 28 Jul 2026 10:50 PM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तारापुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तारापुर Published by: मुंगेर ब्यूरो Updated Tue, 28 Jul 2026 10:50 PM IST
सार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल स्कूलों, हरपुर में नए मॉडल थाना भवन और असरगंज में राजकीय डिग्री कॉलेज में पठन-पाठन की शुरुआत की गई।

विज्ञापन
CM Samrat Choudhary Inaugurates Degree College, Model Schools and Harpur Police Station in Munger
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने मॉडल स्कूलों, आधुनिक मॉडल थाना भवन और नए राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर शिक्षा, आधुनिक पुलिस व्यवस्था और रोजगार के नए अवसर पहुंचाना है, ताकि युवाओं को अपने ही जिले में बेहतर भविष्य मिल सके।

विज्ञापन

तारापुर में मॉडल स्कूलों का हुआ उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में चयनित उच्च विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया। इन मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं और समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। इस योजना के तहत +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना (तारापुर), उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गनैली, आरएनएम उच्च विद्यालय रनग्राम, सीता देवी जगमोहन साह +2 बालिका उच्च विद्यालय असरगंज, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चाखंड, रानी प्रभावती उच्च विद्यालय संग्रामपुर, पब्लिक उच्च विद्यालय बढ़ौनियां, +2 उच्च विद्यालय मंझगांय, पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय हवेली खड़गपुर और गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय मुजफ्फरगंज सहित कई स्कूलों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।

विज्ञापन

स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर का दौरा किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

हरपुर में आधुनिक मॉडल थाना भवन का उद्घाटन

इसके बाद मुख्यमंत्री ने तारापुर प्रखंड के हरपुर में बने नए मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने थाना भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भवन में जन सुनवाई कक्ष, अभिलेख प्रबंधन कक्ष, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस कक्ष और कंप्यूटर कक्ष सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

आधुनिक पुलिस व्यवस्था पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, मजबूत और जनहितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक थाना भवन, पुलिस लाइन, प्रशिक्षण केंद्र और अन्य पुलिस अवसंरचना के निर्माण से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। इससे अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की क्षमता भी मजबूत होगी।

असरगंज में राजकीय डिग्री कॉलेज में शुरू हुई पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने असरगंज के जलालाबाद स्थित रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में बने राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलना है, ताकि ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को घर के पास ही उच्च शिक्षा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर की जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें विधायक बनाया, उस भरोसे पर वह पूरी तरह खरे उतरेंगे। असरगंज डिग्री कॉलेज खोलने का जो वादा किया गया था, वह अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए नेतृत्व के सहयोग से बिहार के विकास का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है।

अब हर प्रखंड तक पहुंचेगी बेहतर शिक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आर्थिक तंगी के कारण गरीब परिवारों के बच्चे नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य के विभिन्न प्रखंडों में 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हुई है। अब यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में भी चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे।

लाइव क्लास और डिजिटल पढ़ाई की मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे तक भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ-डे पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद की बेहतर व्यवस्था भी की जाएगी। असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान का भी विकास कराया जाएगा।

तारापुर में उद्योग और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी और यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और मुंगेर तथा तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे।

कांवर यात्रा को बताया सामाजिक समरसता का उदाहरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। एक ही रंग के वस्त्र पहनकर श्रद्धालु 100 किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता का ऐसा उदाहरण दुनिया में बहुत कम देखने को मिलता है।

कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम पंकज कुमार दाराद, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed