राघोपुर नाव हादसा: मृतकों के परिजनों को 4.23 लाख की तत्काल मदद, पीएम ने भी की घोषणा; 13 बच्चों की हुई है मौत
वैशाली के राघोपुर में निजी नाव डूबने से 13 बच्चों की मौत हो गई। प्रशासन ने सीओ और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगकर वेतन पर रोक लगाई। मृतक परिवारों को 6.23 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई।
विस्तार
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए निजी नाव हादसे के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे के मामले में लापरवाही को लेकर राघोपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, अगले आदेश तक दोनों अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में एक निजी नाव डूब गई थी। हादसे में नाव पर सवार 13 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में नौ बच्चियां और चार बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद छह लोगों, जिनमें चार बच्चे और दो वयस्क शामिल हैं, को बचाकर बेहतर इलाज के लिए पटना के एनएमसीएच भेजा गया है। वहां उनका उपचार जारी है। घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं।
पढे़ं: गैस रिसाव के बाद लगी भीषण आग, दो मासूम बच्चों की मौत, 17 लोग झुलसे; कई गोरखपुर रेफर
घटनास्थल पर पहुंचीं डीएम, बचाव कार्यों का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने रात के समय निजी नाव के परिचालन को गंभीरता से लेते हुए राघोपुर के अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, अगले आदेश तक दोनों अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
मृतकों के परिजनों को 4.23 लाख रुपये की तत्काल सहायता
जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के आश्रित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक मृतक के परिवार को आपदा मद से अनुग्रह अनुदान के रूप में चार लाख रुपये, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये और मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये दिए गए हैं। इस तरह प्रत्येक मृतक परिवार को कुल 4.23 लाख रुपये की तत्काल सहायता मिली है।
प्रधानमंत्री राहत कोष से भी मिलेगी सहायता
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इस सहायता के बाद प्रत्येक मृतक परिवार को राज्य सरकार और प्रधानमंत्री राहत कोष से कुल 6.23 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, हादसे में घायल होकर इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री राहत कोष से 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं और बचाव अभियान जारी है।