Bihar: चार बच्चों के पिता से लव मैरिज, फिर देवर से की दूसरी शादी, अब 2 साल की बच्ची के साथ दर-दर भटक रही महिला
Bihar: वैशाली के हाजीपुर में एक महिला ने अपने दूसरे पति पर मारपीट, जबरन संबंध और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पहले पति से प्रेम विवाह के बाद प्रताड़ना झेलने वाली महिला अब दो साल की बच्ची के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है।
विस्तार
वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में पति ने अपनी पत्नी को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला द्वारा घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल महिला की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी नीतीश गिरी की 22 वर्षीय पत्नी रूपा कुमारी के रूप में हुई है।
लव मैरिज के फैसले ने किया बर्बाद
घटना के संबंध में घायल रूपा कुमारी ने बताया कि उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर नीतीश का घर है। उन्हें नीतीश से प्यार था। नीतीश के पहले से चार बच्चे थे। चार साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही नीतीश उनके साथ मारपीट करने लगा। नीतीश की मां के निधन के बाद उसके व्यवहार में और बदलाव आ गया और वह लगातार मारपीट करने लगा। उनकी 2 साल की एक बेटी भी है। आरोप है कि नीतीश ने मारपीट कर उन्हें और उनकी बेटी को घर से निकाल दिया और कहा कि खुद कमाकर अपना और बच्चे का भरण-पोषण करें।
मजबूरी में देवर से की शादी
इसके बाद रूपा ने बताया कि उनके पाटीदार के देवर नवीन गिरी ने उन्हें साथ चलने के लिए कहा और बाहर काम दिलाने का भरोसा दिया। वह उसके साथ चली गईं। करीब दो महीने बाद नवीन ने उनसे कहा कि वे नीतीश को छोड़कर उससे शादी कर लें। रूपा के मुताबिक, जब उन्होंने मना किया तो नवीन जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसके बाद मजबूरी में उन्हें नवीन से शादी करनी पड़ी। शादी को अब दो साल हो चुके हैं।
महिला के साथ दूसरे पति ने की मारपीट
रूपा ने आगे बताया कि नवीन उन्हें अपने गांव लाया और उनके पहले पति के खिलाफ केस भी करवाया। इसके बाद वह नवीन के साथ रहने लगीं। पिछले 5 महीनों से नवीन उन्हें हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में किराए के कमरे में रखे हुए है। नवीन हाजीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक स्लॉट में ड्यूटी करता है। शनिवार को ड्यूटी पर जाने से पहले नवीन ने कहा कि उनके लिए खाना न बनाया जाए, वह बाहर खा लेंगे। रात करीब 10 बजे जब वह घर लौटा तो कथित तौर पर उसने रूपा के साथ जान से मारने की नीयत से बेरहमी से मारपीट की और उनकी गर्दन दबा दी। रूपा के चिल्लाने पर उसने उन्हें छोड़ दिया। किसी तरह जान बचाकर रूपा घर से बाहर निकलीं और डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: एक हादसा, उजड़ गए कई घर; सुआ गांव में एक साथ उठीं 6 अर्थियां, मातम में डूबा पूरा गांव
महिला ने लगाई न्याय की गुहार
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नवीन को हिरासत में लिया तथा घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। रूपा का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने नवीन को छोड़ दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नवीन उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि वह किसी और लड़की को फंसाकर दूसरी शादी कर लेगा। रूपा के अनुसार, नवीन नशे का आदी है और नशे की हालत में ही वह अक्सर उनके साथ मारपीट करता है। महिला ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.