Bihar : बंटवारे के लिए गांव पहुंचे दंपति मृत मिले; डबल मर्डर का आरोप पट्टीदारों पर, जांच कर रही पुलिस
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान सीतामढ़ी निवासी पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों जमीन के बंटवारे के सिलसिले में पैतृक गांव गए थे और लौटते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज के दौरान पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों सीतामढ़ी जिले के बेलसंड के रहने वाले थे और जमीन के एक मामले में अपने पैतृक गांव आए थे। परिजनों का आरोप है कि दोनों की मौत सामान्य नहीं है और इसके पीछे साजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान पति-पत्नी ने तोड़ा दम
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय नवीन प्रसाद श्रीवास्तव और उनकी 52 वर्षीय पत्नी नीतू कुमारी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के बेलसंड के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, जमीन के सिलसिले में बुधवार को दोनों अपने पैतृक गांव आए थे। लौटने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एसकेएमसीएच लाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
जमीन के बंटवारे के लिए आए थे पैतृक गांव
मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह दोनों अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। वहां पट्टीदारों के साथ जमीन के बंटवारे का मामला चल रहा था। शाम को दोनों मुजफ्फरपुर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, रास्ते में सूचना मिली कि दोनों ने किसी मंदिर का प्रसाद खाया था। इसके बाद अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बेटी बोली- शाम तक सब ठीक था
मृतक की बेटी ने बताया कि बुधवार शाम उसकी आखिरी बार अपने माता-पिता से बात हुई थी। उस समय दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे।
उन्होंने बताया कि माता-पिता जमीन के हिस्से की बिक्री के सिलसिले में गांव गए थे। बाद में सूचना मिली कि रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई और फिर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। बेटी ने आशंका जताई कि उसके माता-पिता की हत्या की गई है।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि दोनों की मौत के पीछे साजिश हो सकती है। उनका आरोप है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा है कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।