Bihar: दिन में जमीन का विवाद, रात में गोलियों की बौछार, कार सवार युवक पर जानलेवा हमला
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में देर रात कार सवार युवक मोहम्मद नियाज पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में नियाज गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अहियापुर थाना क्षेत्र में कार से जा रहे एक युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक गोली उसकी कार में भी लगी। घायल को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और ऑक्सीजन सपोर्ट पर उपचार चल रहा है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि घटना के पीछे जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश है।
झपहां-शिवहर पथ पर देर रात हुई वारदात
यह घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां-शिवहर पथ पर देर रात हुई। बताया जा रहा है कि दिन में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसी रंजिश में रात के समय कार सवार युवक पर जानलेवा हमला किया गया। फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
घायल युवक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव निवासी मोहम्मद नियाज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह कार से अपने डेरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और उन पर लगातार गोलियां चला दीं। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल ने सुनाई पूरी घटना
घायल मोहम्मद नियाज ने बताया कि वह ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं और गाड़ियों को किराये पर उपलब्ध कराने का काम करते हैं। बुधवार को वह अपने गांव नेउरा से शहर के सतपुरा नीम चौक स्थित डेरे पर अकेले कार से जा रहे थे। उनके अनुसार, रास्ते में दो युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उन्हें लगी, जबकि दूसरी गोली कार में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल ने बताया कि हमला अचानक हुआ, इसलिए वह हमलावरों की पहचान नहीं कर सके। उनका आरोप है कि जमीनी विवाद की रंजिश में सुनियोजित तरीके से उन पर जानलेवा हमला कराया गया है।
परिवार में दहशत और नाराजगी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोगों में घटना को लेकर दहशत और नाराजगी है। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अहियापुर के अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायल का बयान दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया जाएगा।
जमीनी विवाद को माना जा रहा मुख्य कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।