Bihar News : जहरीली शराब बनाने वाला केमिकल मिला; होम्योपैथ दवा के नाम पर मंगाकर उपयोग कर रहा था
मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने पोल्ट्री फॉर्म की आड़ में चल रही जहरीली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। भारी मात्रा में स्प्रिट, नकली विदेशी शराब बनाने की सामग्री बरामद हुई। एक तस्कर गिरफ्तार, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग की टीम ने जहरीली शराब निर्माण के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई जिले के करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव में एक पोल्ट्री फॉर्म के पास की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में स्प्रिट, शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया। मामले में सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर अन्य धंधेबाजों की तलाश में जुटी है।
जांच में सामने आया कि शराब कारोबारी मुर्गा फार्म की आड़ में झोपड़ी में नकली ब्रांडेड विदेशी शराब तैयार कर रहे थे। इसके लिए होम्योपैथिक दवा के नाम पर स्प्रिट मंगाई जाती थी। बाद में उसी स्प्रिट से शराब बनाकर विदेशी शराब की बोतलों में पैक कर बाजार में सप्लाई की जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में स्प्रिट, विदेशी शराब की खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल, रंग और सील बरामद किए। कारोबारियों के पास शराब की गुणवत्ता जांचने के लिए एडवांस अल्कोहल मीटर भी मिला है।
पढे़ं: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खड़े ट्रक में जा घुसी बोलेरो, युवक की मौत; कई घायल
उत्पाद विभाग के प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पताही एयरपोर्ट के पास एक टेंपो चालक को पकड़ा गया, जिसके वाहन से होम्योपैथिक दवा की बोतलों में भरी स्प्रिट बरामद हुई। गिरफ्तार चालक संतोष की निशानदेही पर करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे स्थित पोल्ट्री फॉर्म के पास छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया गया।
अधिकारी ने बताया कि इस धंधे का मुख्य संचालक सुमित पटेल है। उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद स्प्रिट से तैयार शराब बेहद खतरनाक थी। इसके सेवन से लोगों की आंखों की रोशनी जा सकती थी और स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था। अधिकारियों ने कहा कि इस जहरीली शराब की सप्लाई आसपास के इलाकों में की जा रही थी, जिसे समय रहते रोक दिया गया।