चुनावी विवाद: आपस में भिड़े निर्दलीय प्रत्याशी सहयोगी व पूर्व एमएलसी समर्थक, मौके पर हंगामा देख पहुंची पुलिस
मुजफ्फरपुर में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 26 और 27 के पास निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा और सीपीआई प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थक आपस में उलझ गए। इस दौरान हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एक बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा और सीपीआई के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थक आपस में उलझ गए। इस दौरान मौके पर गहमागहमी और अफरातफरी की स्थिति बन गई। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि शाम को निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा बूथ के पास मौजूद थे। इस दौरान उन्हें मतदान स्थल से जाने को कहा गया।
इसके बाद उनके समर्थकों ने मौके पर मौजूद अन्य प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से भी वहां से जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर हंगामा होने लगा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा का आरोप है कि वहां कई अन्य प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मौजूद थे, लेकिन केवल उन्हें ही बाहर जाने को कहा गया। इस बात पर उन्होंने नाराजगी जताई तो दूसरे राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और समर्थक उनसे उलझ गए।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। सीपीआई के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह ने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक लगातार बूथ पर मौजूद थे, जिससे मतदान में परेशानी हो रही थी। इसी का उन्होंने विरोध किया था।
ये भी पढ़ें- Live Bihar MLC Election Live: शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान संपन्न; कतार में कोई नहीं, वोट प्रतिशत अपडेट देखे
पुलिस ने क्या बताया?
इस पूरे मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र संख्या 26 और 27 पर मतदान हो रहा था। इस दौरान वहां भीड़ जुट गई थी। इसी को लेकर हंगामे की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों और उनके पोलिंग एजेंटों के अलावा कुछ बाहरी लोग भी बूथ के पास मौजूद थे, जिन्हें वहां से हटा दिया गया है। फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और किसी तरह की परेशानी नहीं है।

आपस में भिड़े निर्दलीय प्रत्याशी समर्थक

आपस में भिड़े निर्दलीय प्रत्याशी समर्थक

आपस में भिड़े निर्दलीय प्रत्याशी समर्थक