बिहार क्राइम: मुजफ्फरपुर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, सिर-चेहरे पर चोट के निशान; हत्या की जताई गई आशंका
मुजफ्फरपुर के नरकटिया गांव में बुधवार सुबह सड़क किनारे 22 वर्षीय चुन्नू कुमार का शव मिला। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। वह मंगलवार शाम मेला देखने गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम करा रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव में बुधवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब एक घंटे की जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान मीनापुर प्रखंड के पुनर्वास गांव निवासी मुन्ना पासवान के 22 वर्षीय पुत्र चुन्नू कुमार के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, चुन्नू कुमार मंगलवार शाम मेला देखने गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी दौरान बुधवार सुबह सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक टी-शर्ट और जींस पहने हुए था। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।
पढ़ें: बंद निगमों के कर्मचारियों को मिलेगा एक-एक लाख मुआवजा, तीन महीने में भुगतान के निर्देश
रामपुर हरि थाना प्रभारी अंजली कुमारी ने बताया कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध स्थिति में मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रथम दृष्टया मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।