बिहार: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा घायल, बैरिकेडिंग पार करते वक्त गिरे
पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान माले के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह उर्फ अजीत कुशवाहा घायल हो गए। बैरिकेडिंग पार करने के दौरान गिरने से उनकी कमर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें गार्डिनर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान डुमरांव विधानसभा क्षेत्र से माले के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह उर्फ अजीत कुशवाहा घायल हो गए। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश में वे गिर पड़े और कुछ देर के लिए बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें पटना के गार्डिनर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रदर्शन से सामने आए वीडियो में देखा जा रहा है कि इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसी दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे।
समर्थकों का दावा
इसी क्रम में पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा भी बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए। दूसरी तरफ कूदने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े। उनके समर्थकों के अनुसार, गिरने से उनकी कमर में चोट आई है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा उन्हें गिराए जाने का आरोप भी समर्थकों की ओर से लगाया जा रहा है। वीडियो में गिरने की घटना दिखाई दे रही है, लेकिन चोट लगने की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अस्पताल से पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उनकी कमर में चोट लगी है और वे फिलहाल गार्डिनर अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने लोगों से घबराने की अपील नहीं की और कहा कि वोट चोरी के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- कलाकारी: तीन सेंटीमीटर के पत्ते पर ‘क्रांतिवीर’ की तस्वीर, अभिनेता नाना पाटेकर को मधुरेंद्र ने दी श्रद्धांजलि
बता दें कि इंडिया गठबंधन की ओर से चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।