बिहार: गुजरात में 1.79 करोड़ की साइबर ठगी, नालंदा से स्कूल निदेशक गिरफ्तार; खाते में पहुंचे थे 26 लाख रुपये
गुजरात की पाटन साइबर थाना पुलिस ने 1.79 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में नालंदा से मदर टेरेसा हाई स्कूल के निदेशक धर्मवीर कुमार राही को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम से करीब 26 लाख रुपये जमा हुए थे। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गुजरात पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए पाटन ले गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात की पाटन साइबर थाना पुलिस ने बिहार के नालंदा जिला स्थित चोरसुआ गांव से मदर टेरेसा हाई स्कूल के निदेशक धर्मवीर कुमार राही को 1.79 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। पाटन साइबर थाना पुलिस और पावापुरी थाना पुलिस के संयुक्त दल ने सोमवार देर रात आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम से करीब 26 लाख रुपये जमा हुए थे। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद गुजरात पुलिस मंगलवार को आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पाटन ले गई।
26 लाख रुपये के बैंक लेन-देन से खुला मामला
पाटन साइबर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, ठगों ने लगभग 12 लोगों से 1.79 करोड़ रुपये ठगे थे। जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की। पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जांच अधिकारियों ने धर्मवीर कुमार राही के खाते में 26 लाख रुपये जमा होने की पुष्टि की। इस वित्तीय कड़ी के आधार पर पाटन साइबर पुलिस की टीम नालंदा पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।
न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर पाटन रवाना
पावापुरी पुलिस के सहयोग से गुजरात पुलिस की टीम ने सोमवार देर रात चोरसुआ गांव में आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने मौके से धर्मवीर राही को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिलने के बाद गुजरात पुलिस मंगलवार को उसे अपने साथ ले गई। थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह के अनुसार, गुजरात पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
ये भी पढ़ें- बिहार: पानी के बीच दो हजार जिंदगियां कैद! उफनती नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण, भतीजी को खाट पर ले गए अस्पताल
बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पाटन पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को अंदेशा है कि पूछताछ के दौरान इस साइबर नेटवर्क से जुड़े कई अन्य चेहरों का खुलासा हो सकता है।
आरोपी निदेशक पर पहले भी दर्ज हो चुका है आपराधिक मामला
मदर टेरेसा हाई स्कूल के निदेशक धर्मवीर राही का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में आ चुका है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आठ अगस्त 2022 को भी पुलिस ने मदर टेरेसा हाई स्कूल में छापेमारी करके लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की छड़ें बरामद की थीं। पुलिस के अनुसार, बरामद छड़ें रजौली-बख्तियारपुर फोरलेन परियोजना के तहत पंचाने नदी पर निर्माणाधीन पुल से संबंधित थीं।